Noida: नोएडा में अधिसूचित क्षेत्र में अवैध निर्माण ध्वस्त करने पहुंची नोएडा प्राधिकरण की संयुक्त टीम पर गुरुवार को भारतीय किसान यूनियन मंच के नेताओं ने हमला कर दिया। घटना के दौरान जमकर पत्थरबाजी हुई, जिससे बुलडोजर और डंपर क्षतिग्रस्त हो गए।
कर्मचारियों से मारपीट, सुपरवाइजर को जमीन पर गिराया
नोएडा प्राधिकरण के वर्क सर्किल 9 और 10 की टीम खसरा संख्या 191 की 8,700 वर्गमीटर भूमि पर कार्रवाई करने गई थी। इस दौरान किसान नेताओं ने कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। वर्क सर्किल 10 के सुपरवाइजर विकास को जमीन पर गिराकर पीटा गया।
पुलिस मदद के लिए नहीं पहुंची
घटना के दौरान दोनों अवर अभियंता सिद्धार्थ नागर और शेखर चौहान ने 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचित किया, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। स्थिति बिगड़ने पर प्राधिकरण टीम को पीछे हटना पड़ा। टीम ने बाद में नॉलेज पार्क-3 थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन थाना प्रभारी की अनुपस्थिति में कार्रवाई नहीं हो सकी।
पुलिस और किसान नेताओं की सफाई
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि प्राधिकरण टीम ने स्थानीय पुलिस को कार्रवाई की सूचना नहीं दी थी। वहीं, भारतीय किसान यूनियन मंच के राष्ट्रीय प्रवक्ता अशोक चौहान ने मारपीट की घटना से इनकार किया है।
तीन बार हो चुकी है कार्रवाई
अधिकारियों के मुताबिक, खसरा संख्या 191 पर अब तक तीन बार कार्रवाई हो चुकी है। नौ अगस्त और 26 नवंबर को भी इसी भूमि पर कार्रवाई की गई थी, जिसे रोकने किसान नेता हर बार आ जाते हैं। बताया गया कि भूमि का मुआवजा किसानों को दिया जा चुका है, फिर भी अवैध निर्माण लगातार जारी है।
मोहियापुर में भी अवैध निर्माण पर रोक
इसके पहले प्राधिकरण की टीम मोहियापुर गांव के खसरा संख्या 183 म पर 2,000 वर्गमीटर भूमि की बाउंड्रीवाल ध्वस्त करने पहुंची थी। इस भूमि की अनुमानित कीमत चार करोड़ रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी ने टीम को फोन कर काम रोकने की धमकी दी। प्रबंधक ने इस पर कहा कि यदि कार्रवाई रोकी गई तो फोन रिकॉर्डिंग सार्वजनिक कर दी जाएगी।
ये भी पढें..
Greater Noida: दादरी में नशा मुक्ति केंद्र में युवक की हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार
प्राधिकरण ने उच्चाधिकारियों को दी जानकारी
घटनाओं के बाद प्राधिकरण की टीम ने शीर्ष अधिकारियों को पूरी स्थिति की जानकारी दी। पुलिस को दी गई तहरीर में दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।

