नोएडा के सेक्टर-63 में शुक्रवार रात को एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। सेक्टर-63 के बी ब्लॉक में एक लापरवाह चालक ने डेढ़ साल की बच्ची को गंभीर रूप से घायल कर दिया। बच्ची का फिलहाल एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पूरी घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई।
शुक्रवार रात करीब 10 बजे रिंकी नाम की महिला अपनी डेढ़ साल की बेटी अनुष्का के साथ घर के पास सड़क किनारे बैठी थी। अचानक पड़ोस का ही युवक विनीत अपनी कार से आया। लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उसने बच्ची को कुचल दिया। हादसा इतना भयानक था कि कार के दोनों पहिए बच्ची के ऊपर से गुजर गए। हादसे के तुरंत बाद आरोपी चालक ने कार रोकी और मां-बच्चे को कैलाश अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, जब भीड़ जुटने लगी तो आरोपी मौके से फरार हो गया। बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है।
ये भी पढ़ें..
वीडियो वायरल
पूरी घटना पास के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई और फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। 1.59 मिनट के वीडियो में दर्दनाक दृश्य पूरी तरह से दिखाया गया है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

