Noida: नोएडा के थाना सेक्टर-113 पुलिस ने एक संगठित चेन स्नेचिंग गैंग का खुलासा किया है, जिसे मां और बेटा मिलकर चला रहे थे। पुलिस के अनुसार, यह गैंग अब तक सौ से अधिक लोगों को अपना शिकार बना चुका है। पुलिस ने इस मामले में मां, बेटे और सुनार समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी चेन लूटकर महिला को सौंप देते थे, और महिला इसे सुनार को बेच देती थी।
ममता लगाती थी लूटे गए सोने को ठिकाने
डीसीपी नोएडा रामबदन सिंह ने बताया कि थाना सेक्टर-113 पुलिस ने शनिवार को एफएनजी रोड से दो लुटेरों को गिरफ्तार किया। इनकी निशानदेही पर एक महिला और सुनार को भी हिरासत में लिया गया है। आरोपियों की पहचान आदित्य (निवासी वृंदावन गार्डन, गाजियाबाद), सनी (निवासी रेल विहार, थाना अंकुर विहार, गाजियाबाद), ममता (पत्नी सूरज, निवासी रेल विहार, थाना अंकुर विहार, गाजियाबाद), और जोहेब (पुत्र जाहिर, निवासी राधे कृष्णा बाग एक्सटेंशन-1, शालीमार, गाजियाबाद) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों में ममता और सनी मां-बेटे हैं। डीसीपी ने बताया कि इस गिरोह को सनी और आदित्य मिलकर संचालित करते थे, जबकि सनी की मां ममता लूटी गई चेन को सुनार जोहेब को बेचने का काम करती थी।
दूर से पहचान लेते थे सोना पहनने वाले को
डीसीपी रामबदन सिंह के अनुसार, आरोपियों का तरीका यह था कि वे दूर से ही सोने की चेन पहनने वाले व्यक्ति को पहचान लेते थे और फिर मौके पर उनका पीछा कर, सही समय पर चेन लूटकर भाग जाते थे। लूटे गए सोने को ठिकाने लगाने का काम ममता करती थी, जो लूटे गए गहनों को सुनार जोहेब को बेच देती थी।
38 मुकदमों में आरोपी सनी और 23 मुकदमों में आरोपी आदित्य
डीसीपी ने बताया कि सनी पर कुल 38 और आदित्य पर 23 मुकदमे दर्ज हैं। ये दोनों काफी समय से अपराध में सक्रिय थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से 4 टूटी हुई चेन, एक कान का सेट, दो अवैध पिस्टल और घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, इन आरोपियों ने तीन दर्जन से अधिक वारदातों को अंजाम दिया है, जिनमें से कई घटनाएं दर्ज नहीं हो पाई थीं। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड को खंगालने में जुटी है।
ये भी पढ़ें..
पुलिस की सख्ती से उभरता सच्चाई का चेहरा
नोएडा पुलिस ने इस चेन स्नेचिंग गैंग का पर्दाफाश कर एक अहम सफलता पाई है। इस मामले में गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस अन्य संभावित वारदातों और नेटवर्क का भी पता लगाने की कोशिश कर रही है। इस सफलता के बाद पुलिस का मानना है कि शहर में अपराध पर नकेल कसने में और मदद मिलेगी।

