Noida: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और रायबरेली से सांसद राहुल गांधी बुधवार सुबह नोएडा पहुंचे। सुबह करीब सात बजे वह सेक्टर-31 स्थित एक क्लीनिक में फीजियोथैरेपी कराने पहुंचे। डेढ़ घंटे तक इलाज कराने के बाद वह सीधे दिल्ली लौट गए। इस दौरान, संभल जाने की चर्चाओं ने जिला प्रशासन और पुलिस को सतर्क कर दिया।
पुलिस का तगड़ा बंदोबस्त
राहुल गांधी की सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस अधिकारी उनकी नोएडा में एंट्री से लेकर दिल्ली वापसी तक सतर्क रहे। राहुल के नोएडा पहुंचने की सूचना से यूपी सरकार और जिला प्रशासन में हलचल मच गई। संभल जाने की अटकलों के कारण पुलिस ने क्लीनिक के बाहर कड़ी निगरानी बनाए रखी।
संभल की चर्चा से प्रशासन में हड़कंप
राहुल गांधी के नोएडा पहुंचने पर यह कयास लगाए जा रहे थे कि वह फीजियोथैरेपी के बाद संभल के लिए रवाना हो सकते हैं। इस अफवाह के कारण पुलिस और प्रशासन ने रातभर कांग्रेस नेताओं से जानकारी लेने की कोशिश की।
दिल्ली लौटने के बाद प्रशासन ने ली राहत की सांस
क्लीनिक में फीजियोथैरेपी के बाद राहुल गांधी ने नोएडा से दिल्ली के लिए प्रस्थान किया। उनके रवाना होते ही प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
कांग्रेस नेताओं के फोन पर रही खलबली
संभल जाने की संभावनाओं के कारण पुलिस ने नोएडा के कांग्रेस नेताओं से संपर्क साधा। पूर्व महानगर अध्यक्ष साहबुद्दीन ने बताया कि पुलिस ने उनसे और अन्य कांग्रेस नेताओं से लगातार जानकारी मांगी। लेकिन आलाकमान से ऐसी कोई सूचना न मिलने के कारण उन्होंने किसी यात्रा की पुष्टि नहीं की।
ये भी पढें..
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में साइबर अपराधियों ने रेलवे अधिकारी से 30 लाख रुपये की ठगी की
फिलहाल स्थिति सामान्य
राहुल गांधी का यह दौरा केवल फीजियोथैरेपी तक ही सीमित रहा। संभल जाने की चर्चाएं अफवाह साबित हुईं। प्रशासन और पुलिस ने अब राहत की सांस ली है।

