Noida: OPERATION STREET SAFE अभियान के अंतर्गत नोएडा पुलिस ने शुक्रवार रात को संदिग्ध वाहनों की जांच और सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीने वालों पर कार्रवाई की। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन पर और अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) शिव हरि मीना की देखरेख में जनपद के तीनों जोन में अभियान चलाया गया। इसमें कुल 742 वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए 32 वाहनों को सीज किया गया, वहीं सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले 710 लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।
नोएडा जोन में 1,415 वाहनों की जांच
डीसीपी रामबदन सिंह के नेतृत्व में नोएडा जोन में 42 स्थानों पर बेरिकेडिंग लगाकर वाहनों की गहन चेकिंग की गई। इस दौरान 1,415 वाहनों की जांच की गई और 274 वाहनों पर ई-चालान जारी किए गए। साथ ही 12 वाहनों को सीज किया गया। सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीने के आरोप में 148 व्यक्तियों पर विधिक कार्रवाई की गई। इस अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा और सार्वजनिक अनुशासन को बनाए रखना और लोगों में जागरूकता बढ़ाना है।
सेन्ट्रल नोएडा जोन में 16 वाहन सीज
सेन्ट्रल नोएडा जोन में डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी के नेतृत्व में 32 स्थानों पर कार्रवाई की गई। पुलिस टीमों ने 1,411 वाहनों की जांच की और 248 वाहनों के खिलाफ ई-चालान जारी किए गए। इस दौरान 16 वाहनों को सीज किया गया। सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीने वालों पर विशेष ध्यान दिया गया, जिसमें 425 व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।
ग्रेटर नोएडा जोन में 137 लोग सार्वजनिक स्थल पर शराब पीते पाए गए
ग्रेटर नोएडा जोन में डीसीपी साद मिया खान के नेतृत्व में 36 स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने 1,565 वाहनों की जांच की और 220 वाहनों के खिलाफ ई-चालान जारी किए गए। इस दौरान 4 वाहनों को सीज किया गया और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले 137 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
ये भी पढ़ें..
यातायात पुलिस ने ड्रिंक एंड ड्राइव पर की कार्रवाई
डीसीपी यातायात यमुना प्रसाद के नेतृत्व में ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान के अंतर्गत 70 गाड़ियों की जांच की गई, जिसमें से 30 वाहनों पर एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने 6 गाड़ियों को सीज भी किया।

