ग्रेटर नोएडा के दादरी थाने ने वाहन चोरी के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। साथ ही दो नाबालिग अपराधियों को भी पुलिस हिरासत में लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की 10 बाइक बरामद की हैं।
कार्रवाई के दौरान दो नाबालिग हिरासत में
अभी कुछ दिन पहले ही दादरी थाने के अंतर्गत अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी की अलग-अलग घटनाएं सामने आई थीं। इसके बाद पुलिस ने एक टीम बनाकर अपराधियों की तलाश शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और गोपनीय सूचनाओं का उपयोग करते हुए पुलिस ने महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाईं और इसके बाद दादरी से लकी और निखिल को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान गिरोह के दो नाबालिग अपराधियों को भी हिरासत में लिया गया।
गिरोह के कब्जे से चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद
पूछताछ के दौरान नाबालिगों ने बताया कि वे नोएडा, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में एक दर्जन से अधिक चोरियों में शामिल रहे हैं। उन्होंने चोरी की मोटरसाइकिलों को तोड़कर उनके पुर्जे दूसरे जिलों में सस्ते दामों पर बेचने की बात स्वीकार की। फिलहाल पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
आपराधिक इतिहास खंगाला रही पुलिस
दादरी थाना के अधीक्षक सुजीत उपाध्याय ने बताया कि पकड़े गए गिरोह के बदमाश बेहद शातिर चोर हैं। उन्होंने बताया कि अकेले थाना क्षेत्र से ही करीब 8 बाइक चोरी की वारदातें हो चुकी हैं। फिलहाल पकड़े गए बदमाशों के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं और उनका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।

