Noida: यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट ने 50 हजार रुपये के इनामी वांछित अपराधी शब्बीर को मुंबई से गिरफ्तार किया है। शब्बीर गाजियाबाद से पैरोल पर छूटने के बाद से फरार चल रहा था। गिरफ्तारी के बाद उसे गाजियाबाद कोर्ट में पेश किया गया और जेल भेज दिया गया।
पैरोल के बाद मुंबई भाग गया
नोएडा एसटीएफ के एएसपी राजकुमार मिश्रा ने बताया कि शब्बीर मूल रूप से बिहार के किशनगंज जिले के देहलावाड़ी गांव का रहने वाला है। वह गाजियाबाद नगर थाने में 2020 में गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज एक मामले में वांछित था। एसटीएफ को सूचना मिली कि शब्बीर फिलहाल मुंबई में रह रहा है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक टीम भेजी गई और उसे मुंबई के कादिवली थाना क्षेत्र से हिरासत में ले लिया गया। इसके बाद शब्बीर को गाजियाबाद नगर पुलिस के हवाले कर दिया गया, जिसके बाद उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
कढ़ाई का काम सीखने के बहाने किया अपराध
पूछताछ के दौरान शब्बीर ने खुलासा किया कि वह कढ़ाई का काम सीखने के लिए 2002 में बिहार से दिल्ली आया था। इस दौरान उसकी मुलाकात पश्चिम बंगाल के उमर और बिहार के अफरोज आलम से हुई, जो पहले से ही आपराधिक गतिविधियों में शामिल थे। उमर, अफरोज और मेहर के साथ मिलकर शब्बीर ने 2019-20 में गाजियाबाद में कई चोरियां कीं। इंदिरापुरम पुलिस ने 2020 में शब्बीर को जेल भेजा था।
ये भी पढ़ें..
दो महीने की पैरोल पर रिहा
कोविड-19 महामारी के चलते कोर्ट ने शब्बीर को मार्च 2020 में दो महीने की पैरोल पर रिहा किया था। इस मौके का फायदा उठाकर वह फरार हो गया। इसके बाद गाजियाबाद पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया। 26 मई 2024 को नोएडा एसटीएफ ने शब्बीर को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया।

