Noida News: गौतम बुद्ध नगर के सांसद और भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी डॉक्टर महेश शर्मा ने कहा है कि गौतम बुद्ध नगर में डबल इंजन की सरकार विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उत्तर प्रदेश सरकार ने रोजगार के लिए नयी व्यवस्था लागू की है। अब गौतम बुद्ध नगर के लोगों को सबसे पहले प्राथमिकता के आधार पर उद्योग और फैक्टरियों में रोजगार मिलेगा। योगी सरकार ने श्रम कार्यालय से इस बाबत आदेश लागू कर रिपोर्ट देने को भी कहा है।
जेवर एयरपोर्ट डबल इंजन सरकार की ड्रीम प्रोजेक्ट
सांसद महेश शर्मा को एकबार फिर टिकट मिला है जिसके बाद से वे गौतम बुद्ध नगर लोकसभा में तेजी से प्रचार करने में जुटे हुए है। जेवर एयरपोर्ट के पास कई बड़े प्रोजेक्ट आ रहे है। सांसद महेश शर्मा ने जेवर के एक गांव में सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि जेवर एयरपोर्ट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ड्रीम प्रोजेक्ट है। जेवर एयरपोर्ट के साथ-साथ कई बड़ी कंपनियां जेवर में आ रही है। सरकार गौतम बुद्ध नगर के लोकल लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए किसी भी उद्योग में 40 प्रतिशत लोकल लोगों को रोजगार देने के लिए प्रतिबद्ध है ।
श्रम कार्यालय में भर्ती की देनी होगी सूचना
बीजेपी प्रत्याशी और सांसद महेश शर्मा ने बताया कि श्रम कार्यालय में कंपनी को जानकारी देनी होगी कि भर्ती में कंपनी में 40 प्रतिशत लोग कौन से गांव के है और उनके नाम क्या है। श्रम कार्यालय ये डिटेल शासन को भेजेगा। सांसद ने युवाओं को आश्वस्त किया कि सरकार रोजगार और विकास दोनों के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि लोकल लोगों को भाजपा सरकार में रोजगार मिला है और आगे भी मिलेगा।
यह भी पढ़ें: Noida: नई चुनावी पहल: नोएडा और गाजियाबाद में वोटिंग बूथ सोसायटी परिसरों में भी बनाए जाएंगे
दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी शक्ति बनेगा भारत
सांसद महेश शर्मा ने कहा कि भारत का डंका विदेशों में भी बज रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आने वाले पांच साल में भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी महाशक्ति बनेगा। इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए गठबंधन को भारत के लोग रिकॉर्ड सीट के साथ जिताना चाहते है। इसलिए प्रधानमंत्री के हाथ मजबूत करने के लिए कमल के फूल के सामने वाला बटन दबाएं और उन्हें विजयी बनाएं।

