Noida News: शारदीय नवरात्रि का पर्व शुरू हो चुका है और शहर में जगह-जगह विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जहां नौ दिनों तक चलने वाले इस आयोजन के दौरान देवी प्रतिमाओं की पूजा-अर्चना के लिए पंडालों में स्थापना की जा रही है। इसी कड़ी में इस दौरान खासकर मंदिरों के आसपास और सड़कों पर मीट की दुकानें और शराब की दुकानें बंद रखने की मांग की जा रही है। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, नोएडा के अध्यक्ष नरेश कुच्छल ने गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन से यह अनुरोध किया है।
नौ दिन बंद रहें दुकानें
नरेश कुच्छल ने जिलाधिकारी और पुलिस आयुक्त से अनुरोध किया है कि सामाजिक और सनातन आस्था के साथ-साथ सुरक्षा की दृष्टि से नवरात्रि के पूरे नौ दिन मीट और शराब की दुकानें बंद रखी जाएं। उन्होंने कहा कि इन दुकानों के संचालन से बदमाशों द्वारा राह चलती महिलाओं से छेड़छाड़ की घटनाएं होती हैं। इसलिए शहर की सभी मीट की दुकानें बंद कराई जाएं और शराब की दुकानें भी बंद रखी जाएं।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जाए
उन्होंने पुलिस कमिश्नर से मंदिरों की ओर जाने वाले मार्गों पर सुरक्षा बढ़ाने का अनुरोध किया है, ताकि इन स्थानों पर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो।
यह भी पढ़ें: Greater Noida: यमुना एक्सप्रेसवे पर टोल दरों में वृद्धि, बुधवार रात से लागू, नोएडा से आगरा तक सफर होगा महंगा
अयोध्या और अन्य जिलों में प्रतिबंध लगाया गया
कुच्छल ने बताया कि अयोध्या जैसे जिलों में नवरात्रि के दौरान मांस की बिक्री पर पहले ही प्रतिबंध लगाया जा चुका है। गौतमबुद्ध नगर में भी जिला प्रशासन को इसी तरह का प्रतिबंध लागू करना चाहिए।

