Noida News : नोएडा और ग्रेटर नोएडा में अप्रैल से नए सर्किल रेट के तहत संपत्ति की रजिस्ट्री शुरू की जाएगी। आगामी सप्ताह में प्रस्तावित सर्किल रेट की सूची पर लोगों से आपत्तियां मांगी जाएंगी, और उसके बाद इन आपत्तियों का निस्तारण कर नए सर्किल रेट लागू कर दिए जाएंगे। अधिकारियों के अनुसार, नोएडा और ग्रेटर नोएडा में 10 से 70 प्रतिशत तक सर्किल रेट में बढ़ोतरी की संभावना है। सबसे ज्यादा बढ़ोतरी कृषि संपत्तियों के रेट में होने की उम्मीद है, जो 70 प्रतिशत तक हो सकती है।
कृषि भूमि में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी
नए प्रस्ताव के अनुसार, नोएडा (Noida News) में आवासीय संपत्ति के सर्किल रेट में 10 से 25 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की संभावना है। शहरी क्षेत्रों में 10 से 15 प्रतिशत और ग्रामीण क्षेत्रों में 25 प्रतिशत तक सर्किल रेट बढ़ाए जाएंगे। इसके अलावा, कृषि भूमि के रेट में 40 प्रतिशत तक बढ़ोतरी प्रस्तावित की गई है। वहीं, ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र में कृषि भूमि के सर्किल रेट में 70 प्रतिशत तक वृद्धि की योजना है। इसका कारण यह है कि मुख्यमंत्री ने जेवर के लिए मुआवजा दर बढ़ाने की मंजूरी दी है, जिससे इस क्षेत्र में कृषि भूमि के रेट में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी का निर्णय लिया गया है।
सर्किल रेट में लंबे समय बाद बढ़ोतरी
निबंधन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जिले में सर्किल रेट में पिछले साढ़े पांच वर्षों से कोई बढ़ोतरी नहीं की गई थी। वर्ष 2016 में सर्किल रेट में एक बड़ा बदलाव किया गया था, जिसके बाद 2019 में कुछ श्रेणियों में मामूली बढ़ोतरी की गई थी। अब, पांच साल बाद इस बढ़ोतरी की योजना बनाई गई है। प्रस्तावित सूची पर 15 दिन तक आपत्तियां मांगी जाएंगी, और फिर अंतिम सर्किल रेट लागू कर दिए जाएंगे।
नए आवंटन दरों पर रजिस्ट्री प्रक्रिया
नोएडा (Noida News) प्राधिकरण ने पिछले साल 12 जुलाई को बैठक कर आवंटन दरों में 6 प्रतिशत की बढ़ोतरी की थी, जो अगस्त से लागू हो गई थी। इसके बाद आवासीय, औद्योगिक, ग्रुप हाउसिंग और संस्थागत संपत्तियों की आवंटन दरों में भी वृद्धि की गई थी। खास बात यह है कि 2023 में भी आवंटन दरों में 6 से 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई थी। अब, प्राधिकरण ने एक बार फिर आवंटन दरों में बढ़ोतरी के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है, और उम्मीद है कि अगले कुछ महीनों में एक बार फिर इन दरों में वृद्धि हो सकती है।
दूसरे जिलों में भी सर्किल रेट बढ़ने की संभावना
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में पिछले सात वर्षों से सर्किल रेट में कोई बदलाव नहीं किया गया था, लेकिन अब सर्किल रेट बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। आगरा में भी सर्किल रेट में आठ साल बाद बढ़ोतरी की तैयारी है। इसके अलावा, गाजियाबाद जिले में पिछले वर्ष सर्किल रेट में 10 से 50 प्रतिशत तक वृद्धि की गई थी।
रजिस्ट्री में सर्किल रेट का महत्व कम हुआ
हालांकि, अब संपत्ति रजिस्ट्री में केवल सर्किल रेट का ही महत्व नहीं है। कुछ साल पहले तक संपत्ति की रजिस्ट्री सर्किल रेट के आधार पर होती थी, लेकिन अब तीनों प्राधिकरणों के क्षेत्र में आवंटन दर, सर्किल रेट, या जिस दर पर संपत्ति बेची गई है, उस पर रजिस्ट्री होती है। इसका मतलब यह है कि जो दर अधिक होगी, उसी पर संपत्ति की रजिस्ट्री की जाएगी।
यह भी पढ़ें: Delhi-NCR Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने बदला मिजाज, गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना, येलो अलर्ट जारी
ये भी देखें : Sanjay Raut on CM Fadnavis: संजय राउत का CM फडणवीस पर आरोप! | Niwan TImes |

