Noida News: सेक्टर 39 के गार्डन गैलेरिया मॉल में एक रेस्टोरेंट में मुफ्त में चिकन और शराब पीकर हंगामा मचाने वाले एक फर्जी एसएचओ और उसके साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सूत्रों से पता चला है कि आरोपी पहले भी कई रेस्टोरेंट में खाना खाने के लिए फर्जी इंस्पेक्टर बनकर आ चुका हैं।
क्या है पूरा मामला
एसीपी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि 29 सितंबर को गार्डन गैलेरिया मॉल स्थित इल्यूजन बार के मैनेजर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि दो व्यक्ति उनके रेस्टोरेंट में आए, खाना खाया और 10,367 रुपये का बिल बनाया। जब बिल दिखाया गया तो आरोपियों ने खुद को थाना प्रभारी (एसएचओ) बताया। जब उनसे पहचान और पोस्टिंग का विवरण मांगा गया तो उन्होंने स्टाफ पर हमला कर दिया। सौभाग्य से, मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया और स्टाफ को आगे के हमले से बचाया। इसके बाद दोनों संदिग्ध मौके से भाग गए।
घर से ही हुआ गिरफ्तार
एसीपी ने आगे बताया कि मामले की जांच कर रही सेक्टर 39 पुलिस ने फर्जी एसएचओ नितिन शर्मा पुत्र वीरेंद्र शर्मा निवासी मीठापुर, दिल्ली और उसके साथी सचिन यादव पुत्र बलराम यादव निवासी श्याम कॉलोनी, फरीदाबाद, हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के मुताबिक पुलिस ने आरोपियों को उनके घर से ही गिरफ्तार किया है।

