Noida News: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर पर की गई टिप्पणी के बाद विरोध प्रदर्शन जारी है। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) अमित शाह और भाजपा के खिलाफ विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन कर रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को नोएडा में सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय के बाहर सपा कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह पर डॉ. भीमराव अंबेडकर का अपमान करने का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की।
सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर सपा का जबरदस्त प्रदर्शन
सपा कार्यकर्ताओं ने सेक्टर 19 स्थित सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय के बाहर नारेबाजी कर अपना आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शन के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। सेक्टर 20 थाने की पुलिस और अन्य सुरक्षाकर्मियों ने सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय के पास स्थिति को संभाला और प्रदर्शन को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि गृह मंत्री अमित शाह या तो देश से माफी मांगें या अपने पद से इस्तीफा दें। उन्होंने आरोप लगाया कि अमित शाह की टिप्पणी से डॉ. भीमराव अंबेडकर की गरिमा को ठेस पहुंची है, जो पूरी तरह से अस्वीकार्य है। प्रदर्शनकारियों ने इसे अंबेडकर का अपमान बताते हुए इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।
यह भी पढ़ें: Delhi Election 2025: चुनाव से पहले केजरीवाल का दलित समुदाय को बड़ा तोहफा, ‘अंबेडकर स्कॉलरशिप’ का किया ऐलान
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
सपा जिला अध्यक्ष आश्रय गुप्ता और सपा नेता सुनील चौधरी ने कहा, ”डॉ. भीमराव अंबेडकर संविधान निर्माता और दलित अधिकारों के रक्षक हैं। गृह मंत्री की टिप्पणी से पूरे देश में व्यापक आक्रोश है। अगर वह माफी नहीं मांगते हैं तो आंदोलन तेज किया जाएगा।” उन्होंने गृह मंत्री से तत्काल माफी मांगने की मांग की और चेतावनी दी कि अगर माफी नहीं मांगी गई तो विरोध और प्रदर्शन और तेज किए जाएंगे।

