Noida News: नोएडा और ग्रेटर नोएडा ने नए साल के स्वागत के लिए भव्य तैयारियां की हैं। जिले भर में 2,200 से अधिक स्थानों पर जश्न मनाया जाएगा। होटल, रेस्टोरेंट, क्लब, बार, फार्महाउस और मॉल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। अनुमान है कि इन जश्नों में दो लाख से अधिक लोग शामिल होंगे। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के लिए 3,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया है। साथ ही कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बीएनएस की धारा 163 लागू की गई है।
115 जगहों पर लगाए गए जिग-जैग बैरियर
नए साल के मौके पर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। कमिश्नरेट पुलिस ने जिले को सुपर जोन, जोन, सेक्टर और सब-सेक्टर में बांटकर 3,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया है। यातायात सुरक्षा के लिए 115 जगहों पर जिग-जैग बैरियर लगाए गए हैं। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। 30 जगहों पर ब्रेथ एनालाइजर से जांच की जाएगी और नशे में वाहन चलाने वालों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें: Noida: नोएडा और एनसीआर में सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन, बच्चे नहीं जा रहे स्कूल
आपातकालीन विभाग में 24 घंटे दो डॉक्टर रहेंगे ड्यूटी पर
नए साल की पूर्व संध्या पर अक्सर दुर्घटनाएं और आपातकालीन मामलों में वृद्धि होती है। इसे देखते हुए जिला अस्पताल में 12 बेड आरक्षित किए गए हैं और आपातकालीन विभाग में दो डॉक्टर 24 घंटे ड्यूटी पर रहेंगे। साथ ही पुलिस ने किसी भी आपातकालीन स्थिति में त्वरित सहायता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं, जैसे पुलिस-112, जिला अस्पताल-9310376851, अग्निशमन विभाग-01202521111 और महिला हेल्पलाइन-10190।

