ग्रेटर नोएडा वेस्ट की गौर सौंदर्यम सोसायटी में एक निवासी मंदिर की घंटी की आवाज से इतना परेशान हो गया कि उसने उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (UPPCB) में शिकायत दर्ज करा दी। इस शिकायत के आधार पर UPPCB ने अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) को नोटिस जारी कर ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। UPPCB के नोटिस में निर्देश दिया गया है कि ऐसा कोई ध्वनि प्रदूषण नहीं होना चाहिए जिससे दूसरों को परेशानी हो। नोटिस के बाद AOA ने निवासियों से मंदिर की घंटी धीरे से बजाने की अपील की है।
मंदिर में घंटी बजने से होती है परेशानी
30 जुलाई को गौर सौंदर्यम सोसायटी के फ्लैट नंबर 368 में रहने वाले मुदित बंसल ने UPPCB में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। अपनी शिकायत में उन्होंने बताया कि उनके फ्लैट के पास स्थित एक मंदिर में रोजाना घंटी बजती है, जिससे उन्हें काफी परेशानी होती है।शिकायत मिलने के बाद यूपीपीसीबी के अधिकारियों ने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पाया कि ध्वनि का स्तर स्वीकार्य सीमा से अधिक था, जिसके कारण एओए को नोटिस जारी किया गया। नोटिस में अनुरोध किया गया कि घंटी की आवाज से निवासियों को परेशानी न हो, इसके लिए उपाय किए जाएं।
AOA की निवासियों से अपील
AOA प्रतिनिधि बी.के. बंसल ने बताया कि विभाग की ओर से सभी निवासियों को नोटिस भेज दिया गया है। उनसे यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि घंटी को जोर से न बजाया जाए, ताकि दूसरों को असुविधा न हो। क्षेत्रीय अधिकारी डी.के. गुप्ता ने बताया कि शिकायत के कारण क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ध्वनि का स्तर 70 डेसिबल से अधिक पाया गया, जो स्वीकार्य सीमा से अधिक है। अत्यधिक ध्वनि प्रदूषण के आधार पर एओए को नोटिस जारी किया गया, जिसमें उन्हें ध्वनि के स्तर को नियंत्रित करने का निर्देश दिया गया।

