Noida News: सेक्टर-126 थाना क्षेत्र स्थित लोटस वैली इंटरनेशनल स्कूल को बम की धमकी वाला ईमेल मिलने के बाद बंद कर दिया गया। घटना के बाद स्कूल प्रशासन और पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी एहतियाती कदम उठाए। बताया जा रहा है कि स्कूल को गुरुवार देर रात करीब 12 बजे धमकी भरा ईमेल मिला। ईमेल में स्कूल को बम से उड़ाने का संदेश था। शुक्रवार सुबह जब स्कूल की प्रिंसिपल ऑफिस पहुंची और मेल चेक किया तो धमकी भरा संदेश पढ़कर वह तुरंत सतर्क हो गईं।
स्कूल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी
प्रिंसिपल ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और स्टाफ के साथ ही स्कूल आने वाले बच्चों को भी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सूचित किया। स्कूल प्रशासन ने परिवहन विभाग को स्कूल परिसर में बसें न लाने के निर्देश दिए। इसके बाद स्कूल को तुरंत बंद कर दिया गया।
यह भी पढ़ें: Noida News: यूट्यूबर राजवीर सिसोदिया गिरफ्तार, सड़क पर मारपीट और गाली गलौज करते हुए वीडियो हुआ था वायरल
बम निरोधक दस्ते ने की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने स्कूल परिसर की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। हालांकि, खबर लिखे जाने तक स्कूल परिसर में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर ईमेल भेजने वाले की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना से स्कूल के छात्रों और अभिभावकों में डर का माहौल है। कई अभिभावकों ने इस घटना पर चिंता जताई है और अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं।

