Noida News: नोएडा में एयरलाइन कर्मचारी की हत्या की साजिश रचने वाली लेडी डॉन काजल खत्री को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। देर रात नोएडा पुलिस काजल को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर आई। उसे एक गुप्त स्थान पर ले जाया गया है, जहां हत्या के संबंध में पूछताछ शुरू हो गई है। काजल के काफी समय से पुलिस की पकड़ से बाहर होने के कारण नोएडा पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
इसी साल 19 जनवरी को बाइक सवार बदमाशों ने सेक्टर-104 में एयरलाइन कर्मचारी सूरज मान की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में नोएडा पुलिस की तीन टीमें पिछले आठ महीने से तीसरी शूटर और लेडी डॉन काजल की तलाश कर रही थीं। मूल रूप से दिल्ली का रहने वाला सूरज मान अपने परिवार के साथ नोएडा में किराए के फ्लैट में रह रहा था। जनवरी में जेल में बंद गैंगस्टर कपिल मान के कहने पर बाइक सवार बदमाशों ने नोएडा में उसकी हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस अब तक दो शूटर समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
गैंगस्टर प्रवेश मान का सगा भाई था मृतक
मृतक एयरलाइन कर्मचारी सूरज मान दिल्ली के गैंगस्टर प्रवेश मान का सगा भाई था। हत्या की मास्टरमाइंड कपिल मान की गर्लफ्रेंड काजल खत्री थी। काजल ने ही हत्या की पूरी साजिश रची थी। मोबाइल ऐप के जरिए उसने जेल में बंद कपिल और शूटरों के बीच संवाद कायम किया। लोकेशन बताने से लेकर हथियार सप्लाई करने और साजिश को अंजाम देने तक का काम काजल ने ही किया। शूटरों को पैसे भी काजल ने ही मुहैया कराए। दरअसल, कपिल के जेल में रहने के कारण काजल ही पूरा गिरोह चला रही थी। हालांकि, अंतिम फैसला हमेशा कपिल का ही होता था। हत्या से एक दिन पहले भी काजल ने शूटरों से बात की थी।
प्रश्नों की सूची तैयार
काजल खत्री को ट्रांजिट रिमांड पर लाने के बाद नोएडा पुलिस ने उससे पूछताछ के लिए पहले से ही प्रश्नों की सूची तैयार कर ली थी। सूरज मान को गोली मारने वाला तीसरा शूटर अभी भी पुलिस के लिए रहस्य बना हुआ है। एक बार फिर क्राइम सीन को रीक्रिएट किया जा सकता है। बताया जा रहा है कि तीसरा शूटर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सहयोगी है और लॉरेंस उसे हमेशा प्रोटेक्ट करता है। एयरलाइन कर्मचारी की हत्या करने वाले तीनों शूटर एक-दूसरे को नहीं जानते थे। काजल से पूछताछ में शूटरों को हथियार मुहैया कराने वालों के बारे में जानकारी सामने आएगी।
गैंगवार के परिणामस्वरूप हत्या
कई सालों से गैंगस्टर कपिल मान और प्रवेश मान के बीच जमीन के एक प्लॉट को लेकर गैंगवार चल रहा था। अब तक दोनों पक्षों के पांच लोगों की हत्या हो चुकी है। सूरज मान की हत्या भी इसी गैंगवार का नतीजा थी। हत्या के बाद मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने कपिल मान के भाई और अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया था। घटना के अगले दिन पुलिस ने कपिल मान के भाई धीरज मान और दो अन्य को गिरफ्तार कर लिया था।
यह भी पढ़ें: Andhra Pradesh News: “तिरुपति के प्रसाद में जानवरों की चर्बी की मिलावट”, CM चंद्रबाबू नायडू का YSRCP पर आरोप
काजल समेत पांच आरोपी
इस मामले में नोएडा पुलिस ने बाद में कपिल मान के साथियों दिल्ली के खेड़ा खुर्द निवासी शक्ति मान, संजीत और हरजीत मान के साथ ही कंछावाला निवासी सोनू उर्फ विकास और रोहिणी निवासी काजल खत्री को आरोपी बनाया था। हत्या के बाद काजल अपने ठिकाने बदलती रही थी। यह भी कहा जा रहा है कि नोएडा पुलिस काजल को पकड़ने के काफी करीब थी, लेकिन दिल्ली पुलिस ने उसे पकड़ लिया। काजल ने गैंगस्टर कपिल मान के पिता की हत्या का बदला लेने के लिए सूरज मान की हत्या की साजिश रची थी, कपिल के जेल में रहने के दौरान ही उसके पिता की हत्या कर दी गई थी। क्राइम ब्रांच ने काजल की गिरफ्तारी की सूचना नोएडा पुलिस को दे दी है।
अंतिम संस्कार में शामिल हुआ प्रवेश मान
जांच आगे बढ़ने पर पता चला कि नोएडा में मारा गया सूरज मान दिल्ली के कुख्यात गैंगस्टर प्रवेश मान का भाई था। प्रवेश की गैंगस्टर कपिल मान से पुरानी दुश्मनी थी। क्राइम ब्रांच की जांच के मुताबिक कपिल मान जेल में था, इसलिए उसने सूरज मान की हत्या की जिम्मेदारी अपनी गर्लफ्रेंड लेडी डॉन काजल खत्री को सौंपी थी। जिस समय सूरज मान को गोली मारी गई, उस समय वह जिम के बाहर अपनी कार की ड्राइवर सीट पर बैठा था। भाई की हत्या के बाद जेल में बंद गैंगस्टर प्रवेश मान को अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पैरोल पर रिहा किया गया था।

