Noida News: गौतमबुद्ध नगर लोकसभा क्षेत्र में 26 अप्रैल को मतदान होगा। गुरुवार और शुक्रवार को पोलिंग पार्टियों की रवानगी और वापसी के दौरान सेक्टर-88, फूलमंडी के आसपास यातायात मार्गों में बदलाव रहेगा। इसे लेकर ट्रैफिक पुलिस ने एक प्लान तैयार किया है. यातायात संबंधी किसी भी समस्या के मामले में लोग हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क कर सकते हैं।
डीसीपी ट्रैफिक अनिल कुमार यादव ने बताया कि मतदान के दौरान फूलमंडी के आसपास की आंतरिक सड़कों पर चुनाव से संबंधित वाहनों को छोड़कर अन्य सभी प्रकार के वाहन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेंगे। फूलमंडी चौराहे से सेक्टर-88 कैंट आरओ चौक की ओर जाने वाले गेट नंबर 3, 4 और 2 का रास्ता पूरी तरह से बंद रहेगा। इस मार्ग पर केवल अधिकारियों के वाहनों को ही जाने की अनुमति होगी.
DCP ट्रैफिक ने दी जानकारी
डीसीपी ट्रैफिक ने आगे बताया कि फूलमंडी के सामने दादरी-छलेरा-सूरजपुर (डीएससी) रोड के दोनों तरफ 25 अप्रैल को सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक और 26 अप्रैल को सुबह 7 बजे से रात 12 बजे तक सभी प्रकार के माल वाहक वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा। .
उन्होंने कहा कि सूरजपुर से फेज टू की ओर आने वाले माल वाहक चौराहे पर कच्ची सड़क से दाहिनी ओर मुड़कर औद्योगिक क्षेत्र मार्ग से होकर अपने गंतव्य की ओर जा सकते हैं। भंगेल से सूरजपुर की ओर जाने वाले वाहन घेजा चौराहे से दाहिनी ओर मुड़कर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से होते हुए परी चौक से अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं। फूलमंडी से सेक्टर-88 चौक की ओर जाने वाले लोग फेज टू चौराहे के बाद लावा कंपनी चौराहे से होते हुए अपने गंतव्य की ओर जा सकते हैं।
चुनाव से संबंधित कर्मचारियों के वाहन इस प्रकार पार्क होंगे
सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट के वाहन फूलमंडी के गेट नंबर 1 से प्रवेश करने के बाद परिसर के अंदर गेट नंबर 2 के पास खाली जगह पर पार्क कर सकते हैं।
ईवीएम वितरण एवं जमा करने वाले कर्मचारियों के वाहन फूलमंडी के गेट नंबर 1 से प्रवेश कर सी-26 एवं बी-23 नंबर की दुकानों के सामने बने पक्के चबूतरों के बीच पार्क में पार्क कर सकते हैं।
भंगेल की ओर से आने वाले सीएपीएफ और पुलिस के वाहन दाहिनी ओर मुड़कर फेज टू चौराहे से कैंट आरओ सेक्टर-88 चौक तक डिवाइडर से जुड़ी सड़क पर बनी पार्किंग में पार्क कर सकते हैं।
सूरजपुर से आने वाले पुलिसकर्मियों के वाहन सेक्टर-88 चौक से डिवाइडर से जुड़ी सड़क पर पार्किंग लेन में पार्क कर सकते हैं।

