Noida News: अगर आप नोएडा में वाहन चलाते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को और सख्त बनाने के लिए मोटर वाहन अधिनियम के तहत कुछ नए नियम लागू किए गए हैं। यदि कोई वाहन चालक इन नियमों का पालन नहीं करता है, तो उसे भारी जुर्माना भरना पड़ सकता है। खासतौर पर अचानक मोड़ लेने या लेन बदलने पर चालान कट सकता है।
इन स्थानों पर लेन बदलने से कटेगा चालान
नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने हाल ही में शहर में तीन विशेष स्थानों को “लेन चेंज ज़ोन” के रूप में चिन्हित किया है। इन क्षेत्रों में वाहन चालकों को 100 मीटर पहले ही अपनी लेन तय करनी होगी। नए नियमों के तहत, यदि कोई वाहन चालक इन लेन चेंजिंग जोन को पार करने के बाद लेन बदलता है या मोड़ लेता है, तो उसे ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन का दोषी माना जाएगा और उस पर जुर्माना लगाया जाएगा।
ये हैं तीन नए लेन चेंज ज़ोन:
- चरखा से कालिंदी कुंज मोड़
- जीआईपी से महामाया फ्लाईओवर की ओर जाने वाला कट
- दलित प्रेरणा स्थल के पास का क्षेत्र
नोएडा ट्रैफिक पुलिस इन नए नियमों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए संबंधित स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती कर रही है।
इतना देना होगा चालान का जुर्माना
यदि कोई वाहन चालक इन तीन निर्धारित लेन चेंज ज़ोन के नियमों का उल्लंघन करता है, तो उसे ₹1500 का चालान भरना होगा। यह नियम इसलिए लागू किया गया है ताकि सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सके और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित किया जा सके।
यह भी पढ़ें: Delhi New CM: दिल्ली को आज मिलेगा नया मुख्यमंत्री,भाजपा के ये दो दिग्गज नेता शाम तक करेंगे नाम का ऐलान
नोएडा ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि सुरक्षित ड्राइविंग के लिए सभी वाहन चालकों को इन नियमों का पालन करना अनिवार्य है। यदि आप नोएडा में वाहन चला रहे हैं, तो इन नए ट्रैफिक नियमों को ध्यान में रखते हुए ही सफर करें, अन्यथा आपको भारी जुर्माने का सामना करना पड़ सकता है।

