Noida News: सेंट्रल नोएडा में बुधवार को पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 971.5 लीटर शराब को नष्ट किया। यह शराब विभिन्न मामलों में जब्त की गई थी और इसे पुलिस के निरंतर अभियान के तहत नष्ट किया गया। थाना फेस-2 के अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की कार्रवाई अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने में मदद करेगी।
उच्चाधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा के निर्देशन में सहायक पुलिस आयुक्त प्रथम और थाना प्रभारी की उपस्थिति में यह कार्रवाई अंजाम दी गई। न्यायालय सिविल जज/एफटीसी/अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, गौतमबुद्धनगर के आदेश के अनुसार, गठित टीम ने जेसीबी की मदद से जब्त शराब को कुचलकर गड्ढे में दफनाया।
आबकारी अधिनियम के 72 मामलों से जुड़ी थी शराब
पुलिस के मुताबिक, नष्ट की गई शराब आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज 72 मामलों से संबंधित थी। पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने के लिए इसकी वीडियोग्राफी भी की गई।

