Noida News: नोएडा प्राधिकरण ने शहर के सौंदर्यीकरण और सांस्कृतिक पहचान को बढ़ाने के लिए सेक्टर-128 चौराहे पर 25 फुट ऊंचा घंटाघर बनाने की घोषणा की है। इस घंटाघर का निर्माण 25 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। इसका मुख्य आकर्षण इसका शीर्ष भाग होगा, जिसे बौद्ध स्तूप की शैली में डिजाइन किया गया है। इस घंटाघर के तीन तरफ बुद्ध की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी और एक भव्य प्रवेश द्वार भी बनाया जाएगा, जो इसे आकर्षण का केंद्र बनाएगा।
तीन महीने में पूरा करने का लक्ष्य
नोएडा प्राधिकरण के उप निदेशक (बागवानी) आनंद मोहन सिंह ने बताया कि यह परियोजना गौतमबुद्ध नगर की सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित करेगी। उन्होंने कहा, “यह घंटाघर नोएडा के सौंदर्यीकरण प्रयासों का एक हिस्सा है और स्थानीय नागरिकों को एक नई पहचान और आकर्षण प्रदान करेगा।” कार्य के लिए कंपनी का चयन करने के बाद तीन महीने के भीतर निर्माण पूरा करने का लक्ष्य है।
ग्रेनाइट और ईंटों से बनेगा भव्य घंटाघर
सेक्टर 128 में स्थित घंटाघर ग्रेनाइट और ईंटों से बना होगा और इसके चारों ओर खूबसूरत बगीचे होंगे। इसमें दो मंजिलें होंगी, जहां स्थानीय लोग और पर्यटक आराम से समय बिता सकेंगे। यह इलाका प्रीमियम आवासीय परियोजनाओं और कॉर्पोरेट कार्यालयों के लिए जाना जाता है। नया घंटाघर इस क्षेत्र की भव्यता को और बढ़ाएगा।
सेक्टर-18 में निर्माणाधीन 75 फुट का घंटाघर
यह नोएडा का दूसरा घंटाघर होगा। इससे पहले सेक्टर 18 में जीआईपी मॉल के पास 75 फुट ऊंचा घंटाघर निर्माणाधीन है। यह घंटाघर श्रीनगर के लाल चौक स्थित प्रसिद्ध घंटाघर की तर्ज पर बनाया जा रहा है। इस परियोजना की लागत 1.75 करोड़ रुपये है।

