Noida News: नोएडा में बढ़ते वायु प्रदूषण से निपटने के लिए नोएडा प्रशासन ने कमर कस ली है। शहर में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। पहले दिन नोएडा प्राधिकरण की 14 टीमों ने 40 स्थानों का गहन निरीक्षण किया।
सड़कों पर पानी का छिड़काव
प्राधिकरण द्वारा की गई कार्रवाई के तहत 20 टैंकरों से 63.58 किलोमीटर सड़कों पर पानी का छिड़काव किया गया। जन स्वास्थ्य विभाग ने 12 मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों से 340 किलोमीटर सड़कों की सफाई की। निर्माण स्थलों से धूल को नियंत्रित करने के लिए 527.45 टन निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) कचरे का निपटान किया गया। इसके अलावा 38 एंटी-स्मॉग गन मशीनें भी लगाई गई हैं।
AQI बढ़ने पर सख्त नियम
फिलहाल नोएडा का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 150 से ऊपर है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर AQI 200 को पार करता है, तो GRAP के पहले स्तर के तहत सख्त नियम लागू किए जाएंगे। अगर AQI 300 और 400 के स्तर पर पहुंचता है, तो और भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
यह भी पढ़ें: Noida: गौतमबुद्ध नगर में दिवाली से पहले पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल
तीन विशेष टीमें बनाई गईं
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने वायु गुणवत्ता की निगरानी के लिए तीन विशेष टीमें बनाई हैं। प्राधिकरण की टीमें रोजाना निर्माण स्थलों का निरीक्षण करेंगी। GRAP नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने निवासियों से वायु प्रदूषण से निपटने में सहयोग करने की अपील की है।

