Noida Metro News: नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच एक्वा लाइन मेट्रो में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एक नई सुविधा शुरू की गई है। बुधवार को मेट्रो कॉर्पोरेशन के एमडी डॉ. लोकेश एम ने सेक्टर-51 मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों के लिए पावर बैंक उधार लेने की मशीन का उद्घाटन किया। ये मशीनें सभी मेट्रो स्टेशनों पर उपलब्ध कराई गई हैं। यह सुविधा उन यात्रियों के लिए है जिनके मोबाइल फोन या लैपटॉप की बैटरी खत्म हो रही है, जिससे उनकी यात्रा और भी सुविधाजनक हो सके।
पावर बैंक का किराया ₹50 से ₹500 तक
यात्री अपने मोबाइल फोन से मेट्रो स्टेशनों पर लगी मशीनों पर क्यूआर कोड स्कैन करके पावर बैंक उधार ले सकते हैं। डिवाइस चार्ज करने के बाद यात्री अपने गंतव्य स्टेशन पर स्थित मशीन पर पावर बैंक वापस कर सकते हैं। इन पावर बैंकों की खास बात यह है कि इन्हें केवल मेट्रो स्टेशनों पर लगे चार्जिंग उपकरण से ही चार्ज किया जा सकता है। अगर कोई इसे घर ले जाने की कोशिश करता है, तो यह उसके लिए बेकार हो जाएगा। पावर बैंक का किराया ₹50 से ₹500 तक होगा। इस पहल से यात्रियों को यात्रा के दौरान चार्जिंग की समस्या से बचने में मदद मिलेगी। इस सेटअप से चोरी की संभावना भी कम हो जाती है।
यह भी पढ़ें: Ghaziabad News: योगी सरकार का दिवाली पर खास तोहफा, एक लाख से अधिक परिवारों को मुफ्त में मिलेगी LPG सिलेंडर
सभी स्टेशनों पर लगाई जाएंगी पावर बैंक मशीनें
प्रत्येक मेट्रो स्टेशन पर तीन पावर बैंक मशीनें लगाई गई हैं, जिनमें से प्रत्येक मशीन में 24 पावर बैंक रखे जा सकते हैं- 12 चार्ज करने के लिए और 12 चार्ज करने के बाद इस्तेमाल के लिए। जब यात्री पावर बैंक वापस करेंगे, तो मशीन अपने आप उसे चार्ज करना शुरू कर देगी। एक्वा लाइन पर कुल 21 स्टेशन हैं। अधिकारियों के अनुसार, यात्रियों की सुविधा के लिए ये पावर बैंक सीधे किराए पर दिए जाएंगे। इस पहल को मेट्रो यात्रा को और भी आरामदायक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है।

