Noida: नोएडा, सेक्टर-27 के एफ ब्लॉक में शुक्रवार रात एक चार मंजिला मकान में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। इस हादसे में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से झुलस गई है। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन इस हादसे ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है।
पटाखों और सिलेंडर में धमाका, आग ने पकड़ी विकराल रूप
शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे आग लगने की सूचना मिली थी। आग सबसे पहले मकान के पहले तल पर लगी, जिसके बाद धीरे-धीरे पूरी इमारत आग की चपेट में आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मकान के पहले तल पर पटाखों में तेज धमाका हुआ, जिससे आग और भड़क उठी। साथ ही सिलेंडर में भी धमाका हुआ। आग की लपटें इतनी भयंकर थीं कि ऊपरी मंजिलों तक भी पहुंच गईं और वहां मौजूद लोगों के लिए जान बचाना मुश्किल हो गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान दर्दनाक मौत
घटना के समय दूसरी मंजिल पर मौजूद दो महिलाएं धुएं और लपटों में फंस गईं। दमकल विभाग और सेक्टर-20 थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और दोनों महिलाओं को बाहर निकाला। दोनों महिलाएं अचेत अवस्था में पाई गईं और उन्हें तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया। रात करीब दस बजे दमकल विभाग ने पूरी तरह से आग पर काबू पा लिया।
हालांकि, गंभीर रूप से झुलसी श्वेता सिंह की जान नहीं बचाई जा सकी और रात सवा 11 बजे डॉक्टरों ने उनकी मौत की पुष्टि कर दी। श्वेता गोरखपुर की निवासी थीं और उनकी असमय मृत्यु से उनके परिवार और इलाके के लोग शोक में हैं। श्वेता की चचेरी बहन नम्रता की हालत भी बेहद नाजुक है और डॉक्टर लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
ये भी पढ़ें..
Noida News: एमिटी यूनिवर्सिटी में दो छात्रों के गुटों के बीच चली गोली, जानें क्या है पूरा मामला
पुलिस और प्रशासन द्वारा जांच जारी
नोएडा पुलिस के मुताबिक, यह मकान पुष्पा देवी का है, जिसमें सभी मंजिलों पर किरायेदार रहते हैं। ग्राउंड फ्लोर पर राजीव राजपूत का परिवार, पहली मंजिल पर तलवार देव अपनी मां रेखा देवी और पत्नी दीक्षा के साथ रहते हैं, जबकि तीसरी मंजिल पर अर्पित त्यागी और उनकी पत्नी अविशि त्यागी का निवास है। हादसे के बाद मकान में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

