Noida: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की नोएडा यूनिट ने बिहार के कुख्यात अपराधी फजल उर्फ किट्टू को गिरफ्तार कर लिया है। फजल पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। एसटीएफ को कई दिनों से सूचना मिल रही थी कि पटना के इस कुख्यात गिरोह का एक सदस्य गौरीबाकूढ़ागर इलाके में छिपा हुआ है और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में है।
ग्रेटर नोएडा में बिहार एसटीएफ की मदद से गिरफ्तारी
गुरुवार सुबह एसटीएफ ने बिहार एसटीएफ की मदद से संयुक्त अभियान चलाया और ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 इलाके में छापेमारी कर फजल को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के समय आरोपी के पास से अवैध हथियार भी बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पटना के सिगोड़ी थाने में दर्ज एक गंभीर मामले के तहत की गई है, जिसमें फजल काफी समय से फरार चल रहा था।
पटना के कुख्यात गिरोह का सदस्य
एसटीएफ की जानकारी के मुताबिक, 21 वर्षीय फजल उर्फ किट्टू पटना के कुख्यात गैंग लीडर मुफास मतोय का सक्रिय सदस्य है। इस गिरोह का मुख्य धंधा रंगदारी वसूलना और विरोध करने वालों की हत्या या हत्या का प्रयास कर दहशत फैलाना है। फजल ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उसने गैंग के साथ मिलकर कई संगीन अपराधों को अंजाम दिया है।
व्यवसायी को मारी थी गोली
वर्ष 2019 में फजल ने अपने साथी बिकू के साथ मिलकर पटना के एक व्यवसायी से रंगदारी मांगी थी। व्यवसायी के रंगदारी नहीं देने पर उसे गोली मार दी गई थी। इस घटना के बाद से फजल का नाम बड़े अपराधियों की सूची में आ गया था।
ग्राम प्रधान पर हमला
तीन महीने पहले अगस्त 2024 में, फजल ने सिगोड़ी में अपनी नानी के घर पर हुए झगड़े के दौरान ग्राम प्रधान को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस घटना के बाद से वह फरार था, और उसकी गिरफ्तारी के लिए बिहार पुलिस ने नोटिस जारी किया था।
ये भी पढ़ें..
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर दो वाहनों की टक्कर, तीन लोग गंभीर रूप से घायल
एसटीएफ की ताबड़तोड़ कार्रवाई
एसटीएफ की नोएडा इकाई के अपर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार मिश्रा और उपाधीक्षक नरेश कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई सफलतापूर्वक की गई। फिलहाल, फजल को स्थानीय थाने में हिरासत में रखा गया है, और बिहार पुलिस से संपर्क कर उसे पटना ले जाने की तैयारी की जा रही है। इससे पहले भी यूपी एसटीएफ और बिहार एसटीएफ ने मिलकर कई बड़े बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।

