Noida: नोएडा में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सेक्टर-24 थाना क्षेत्र के एनटीपीसी कार्यालय के सामने स्थित एलिवेटेड रोड पर एक कार का टायर फटने से वाहन पलट गया। इस हादसे में कार में सवार दोनों छात्र सुरक्षित रहे, जिन्हें मामूली चोटें आईं।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों छात्र सेक्टर-49 से सेक्टर-62 स्थित अपने कॉलेज की ओर जा रहे थे। सुबह करीब साढ़े दस बजे, जैसे ही उनकी कार एनटीपीसी कार्यालय के सामने एलिवेटेड रोड पर पहुंची, अचानक कार का टायर फट गया। इससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में किसी की जान को नुकसान नहीं हुआ।
ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर पहुंच कर व्यवस्था संभाली
हादसे की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए तत्काल कदम उठाए। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को क्रेन की मदद से टो करके सड़क से हटाया। इस हादसे के बाद रोड पर थोड़ी देर के लिए जाम की स्थिति बन गई थी, जिसे पुलिस ने नियंत्रित किया।
ये भी पढ़ें..
Noida: नोएडा की सड़कों पर आवारा पशुओं का संकट, अखिलेश यादव ने सरकार पर उठाए सवाल
हादसे के कारणों की जांच जारी
पुलिस ने बताया कि कार का टायर अचानक फटने की वजह से यह हादसा हुआ। मामले की जांच शुरू कर दी गई है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वाहन में किसी प्रकार की तकनीकी खराबी तो नहीं थी।

