Noida: मौसम विभाग ने नोएडा और एनसीआर में अगले सात दिनों तक भयंकर बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर वायुमंडल में दबाव क्षेत्र बनने के कारण मानसून ने एक बार फिर से वापसी की है, जिसका सबसे ज्यादा असर नोएडा-एनसीआर और पूर्वी उत्तर प्रदेश के इलाकों में देखने को मिलेगा। पूर्वी यूपी के अधिकांश जिलों में भारी बारिश और तूफान की संभावना भी जताई गई है।
पश्चिमी यूपी में गिरेगी बिजली
मौसम विभाग ने बुधवार से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। इसमें नोएडा, गाजियाबाद, बागपत, मेरठ, हापुड़ और बुलंदशहर शामिल हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में भी अगले कुछ घंटों में तूफान आने का अलर्ट जारी किया गया है। पूरे उत्तर प्रदेश में 28 सितंबर तक बिजली गिरने की भी आशंका जताई जा रही है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
आज से ही असर दिखने की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, बुधवार से पूरे प्रदेश में मानसून की वापसी का असर देखने को मिलेगा। बुधवार को नोएडा-एनसीआर, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर और महाराजगंज समेत 28 जिलों में बारिश हो सकती है। इसके बाद गुरुवार को लखनऊ, कानपुर, बांदा और चित्रकूट सहित 35 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है।
ठंड भी देगी दस्तक
मौसम में हो रहे बदलाव और ग्लोबल वार्मिंग के प्रभावों के कारण ठंड अब देरी से आ रही है और जल्दी समाप्त हो रही है। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार, इस साल अक्टूबर के अंत तक हल्की ठंड का एहसास हो सकता है और नवंबर से ठंड का प्रभाव बढ़ने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें..
Ghaziabad News: जेल में बंद आरोपी ने लगाई फांसी, नाबालिग से रेप केस में हुई थी जेल
सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने नागरिकों को अत्यधिक सावधानी बरतने की सलाह दी है, खासकर उन इलाकों में जहां भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। लोगों से अनावश्यक बाहर न निकलने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।

