ग्रेटर नोएडा बिल्डरों की धोखाधड़ी बायर्स के साथ लगातार एनसीआर में सामने आती रहती है ताजा मामला ग्रेनो वेस्ट स्थित सेक्टर टेकजोन-4 का है। मेसर्स सुपर सिटी बिल्डर के प्रोजेक्ट में फ्लैट बुक कराने के आठ साल बाद भी नोएडा के सेक्टर- 22 निवासी दिनेश जैन को कब्जा नहीं मिला। पुलिस से शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। अब कोर्ट के आदेश पर बिसरख कोतवाली पुलिस ने मेसर्स सुपर सिटी के निदेशक दीपक मिगलानी, जीएम तिलकराज अरोड़ा समेत अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी आदि धारा में केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
दिनेश जैन ने बिसरख कोतवाली में एफआईआर को लेकर कही ये बातें
बिसरख कोतवाली में दर्ज की गई एफआईआर में दिनेश जैन ने कहा है कि उन्होंने मई 2015 में मेसर्स सुपर सिटी बिल्डर के प्रोजेक्ट मैफेयर रेजीडेंसी की छठी मंजिल पर 1890 वर्गफुट का फ्लैट बुक कराया था। फ्लैट की कीमत 60 लाख रुपये थी। बिल्डर ने उससे कहा कि यदि वह एकमुश्त भुगतान करता है तो उसको यह फ्लैट लगभग 45 लाख रुपये में मिल जाएगा। बिल्डर के बहकावे में आकर दिनेश जैन ने लगभग 45 लाख रुपये का भुगतान कर दिया। आरोप है कि बुकिंग के दौरान निवेशक को प्रोजक्ट से जुड़े लुभावने वीडियो दिखाए गए थे। जिनमें सोसाइटी में होने वाली निर्माण की गुणवत्ता आदि दिखाई गई। तीन साल में कब्जा देने का दावा किया गया। लेकिन अब तक भी पीड़ित को कब्जा नहीं मिला और रुपये वापस नहीं किए।
दिनेश जैन ने फ्लैट पर कब्जा नहीं देने व 45 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाकर केस दर्ज कराया है। पुलिस का कहना है कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।

