Noida: ग्रेटर नोएडा के थाना कासना क्षेत्र में सर्दी के मौसम की पहली मौत का मामला सामने आया है। शुक्रवार को सिरसा इलाके में एक व्यक्ति का शव मिला, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शव पर नहीं मिले चोट के निशान
पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 48 साल है और उसके शरीर पर किसी भी तरह के चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। व्यक्ति ने केवल एक कुर्ता पहन रखा था। पुलिस ने शुरुआती जांच में ठंड लगने से मौत होने की आशंका जताई है।
शिनाख्त की कोशिश जारी
शव मिलने के बाद पुलिस ने मृतक की शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं, लेकिन अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है। स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस शव की पहचान कराने की कोशिश कर रही है।
भीख मांगकर करता था गुजारा
पुलिस ने बताया कि स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला है कि मृतक सिरसा इलाके में भीख मांगकर अपना गुजारा करता था। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि ठंड लगने से उसकी मौत हुई है।
ये भी पढें..
प्रशासन की चुनौती बढ़ी
सर्दी के मौसम में ऐसी घटनाएं प्रशासन के लिए चिंता का विषय बन जाती हैं। खासतौर पर बेघर और गरीब वर्ग के लिए ठंड जानलेवा साबित हो सकती है। प्रशासन को इस ओर ध्यान देते हुए ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त इंतजाम करने की जरूरत है।

