Noida: नोएडा के थाना सेक्टर-113 क्षेत्र की गोल्फ सिटी सोसायटी में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना सोमवार सुबह की है, जब दो महिलाओं ने फ्लैट में घुसकर बुजुर्ग महिला को लहूलुहान कर दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें महिला की हालत गंभीर नजर आ रही है।
पीड़िता सविता जैन, जो सेक्टर-75 स्थित गोल्फ सिटी सोसायटी में रहती हैं, ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि विजय यादव नामक डेरी मालिक ने दो महिलाओं को उनके फ्लैट पर भेजा। आरोप है कि इन महिलाओं ने सविता जैन के साथ बुरी तरह से मारपीट की और उनका मोबाइल छीन लिया। शोर सुनकर सिक्योरिटी सुपरवाइजर मौके पर पहुंचे और उन्होंने सविता जैन को हमलावर महिलाओं से बचाया।
ये भी पढ़ें..
विवाद की वजह
सूत्रों के मुताबिक, सविता जैन और विजय यादव के बीच पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। इसी के चलते यादव ने दो महिलाओं को भेजा, जिन्होंने सविता जैन पर हमला किया। घटना के बाद पीड़िता की हालत गंभीर हो गई और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस का बयान
पुलिस ने इस मामले में बयान जारी कर बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही, घायल महिला को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है।

