Noida: गौतमबुद्धनगर के दनकौर कोतवाली क्षेत्र में स्थित नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी (NIU) के कैंपस में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। यूनिवर्सिटी के बीए सेकेंड ईयर के छात्र लोकेश कुमार पर कुछ छात्रों ने जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं। इस मामले में चार छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अलीगढ़ के खेड़ा बुजुर्ग गांव के निवासी लोकेश कुमार यूनिवर्सिटी की कैंटीन में बैठा हुआ था। इसी दौरान आरोप है कि यूनिवर्सिटी के ही छात्र आशु कसाना, कपिल, अंकित और दो अज्ञात छात्रों ने उसे जबरन कुर्सी से उठाया। लोकेश के विरोध करने पर आरोपियों ने कुर्सी से उसके सिर और पीठ पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल लोकेश को पहले यूनिवर्सिटी के अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत गंभीर होने के कारण उसे ग्रेटर नोएडा के एक बड़े अस्पताल में शिफ्ट किया गया, जहां वह आईसीयू में भर्ती है। डॉक्टरों का कहना है कि लोकेश के सिर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आई हैं।
ये भी पढ़ें..
वकील पिता ने दर्ज कराया मुकदमा
पीड़ित छात्र लोकेश के पिता देवराज सिंह चौहान, जो पेशे से वकील हैं, ने इस घटना के बाद मंगलवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने अपनी शिकायत में तीन छात्रों को नामजद करते हुए कुल पांच के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। दनकौर कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया, “शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।”

