Noida: साइबर ठगों ने नोएडा के दो निवासियों को शेयर बाजार में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर एक करोड़ चार लाख रुपये की ठगी कर दी। इस मामले में आरोपियों ने पीड़ितों को टेलीग्राम ग्रुप और फर्जी ट्रेडिंग ऐप के जरिए अपने जाल में फंसाया और रकम हड़पने के बाद उनसे संपर्क तोड़ लिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ितों ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
94 लाख रुपये की धोखाधड़ी
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-एक निवासी जनार्दन कुमार वर्मा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि ठगों ने उन्हें शेयर बाजार और आईपीओ में निवेश कर अधिक लाभ कमाने का प्रस्ताव दिया। जनार्दन ने इस प्रस्ताव में रुचि दिखाई तो ठगों ने उन्हें एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा और विशेषज्ञता का दिखावा करते हुए ट्रेनिंग भी दी। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें एक फर्जी ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड करने के लिए कहा। जनार्दन ने ऐप के माध्यम से कुल 94 लाख रुपये का निवेश किया, लेकिन रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने उनसे संपर्क करना बंद कर दिया। जब ठगी का अहसास हुआ, तो उन्होंने साइबर क्राइम थाने में इसकी शिकायत की।
10 लाख रुपये की ठगी का दूसरा मामला
प्रिस्टाइन एवेन्यू, ग्रेटर नोएडा वेस्ट निवासी प्रशांत प्रताप सिंह ने भी ठगी का शिकार होने का दावा किया। प्रशांत ने पुलिस को बताया कि जालसाजों ने उन्हें शेयर बाजार में निवेश के लिए एक फर्जी ऐप ‘सेबीपीईए पेक्यूट’ डाउनलोड करने का सुझाव दिया। प्रशांत ने ऐप पर करीब 10 लाख रुपये ट्रांसफर किए। लेकिन जब उन्होंने राशि निकालने का प्रयास किया, तो उनके साथ भी ठगी होने का पता चला। उन्होंने भी साइबर क्राइम थाने में आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
साइबर पुलिस ने शुरू की जांच
साइबर सेल की डीसीपी प्रीति यादव के अनुसार, दोनों मामलों में साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ठगों का पता लगाने और मामले की तह तक जाने में जुटी है। डीसीपी ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी प्रकार के निवेश प्रस्ताव की जांच कर ही पैसा लगाने की अपील की है।
ये भी पढें..
Faridabad: पटाखे के धमाके में छात्र की मौत, बल्लभगढ़ के मंदावली गांव में दर्दनाक हादसा
सावधानी बरतें, सुरक्षित रहें
इस प्रकार की घटनाओं में वृद्धि को देखते हुए साइबर पुलिस ने लोगों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सतर्क रहने और संदिग्ध निवेश प्रस्तावों से बचने की सलाह दी है।

