Noida: नोएडा के थाना फेस-2 पुलिस ने तीन भूमाफियाओं को गैंगस्टर एक्ट के तहत गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। इस भूमाफिया गैंग का सरगना पप्पू यादव है, जो समाजवादी पार्टी (सपा) के एक प्रमुख नेता का भाई बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, यह गैंग राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में जमीन के नाम पर बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी कर रहा था। इन लोगों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और अब इन्हें गैंगस्टर एक्ट के तहत निरुद्ध किया गया है।
गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
थाना फेस-2 पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पप्पू यादव और उसके सहयोगी NCR में फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से जमीन बेचने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी कर रहे हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पप्पू यादव पुत्र शेर सिंह निवासी ग्राम सर्फाबाद, अशोक भाटिया पुत्र विनोद कुमार और विजय शर्मा पुत्र उधम शर्मा को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि ये सभी एक संगठित गैंग बनाकर धोखाधड़ी कर रहे थे और उनके खिलाफ कई आपराधिक मामले पहले से लंबित हैं।
राजनीतिक संबंधों की भी हो रही चर्चा
गैंग का सरगना पप्पू यादव समाजवादी पार्टी के एक प्रमुख नेता का भाई बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी पूर्व में उसके घर पर आ चुके हैं, जिससे इस मामले में राजनीतिक हलचल तेज हो सकती है। हालांकि, पुलिस ने इस पहलू पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है।
ये भी पढ़ें..
Delhi News: दिल्ली के करोल बाग में ढहा पूराना मकान, 6 लोग फंसे, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
पुलिस की आगे की कार्रवाई
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गैंगस्टर एक्ट के तहत निरुद्ध किया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी है और NCR में हुई अन्य संपत्ति घोटालों की भी पड़ताल कर रही है। अधिकारियों ने कहा कि इस मामले में कई और खुलासे हो सकते हैं और जल्द ही अन्य गिरफ्तारी भी संभव है।

