Noida: नोएडा की थाना सेक्टर-58 पुलिस ने एक बड़े ठगी के मामले का खुलासा करते हुए एक निजी कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी लोगों को विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी कर रहा था और अब तक 100 से अधिक लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी कर चुका है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से फर्जी नियुक्ति पत्र, बैंक पासबुक, ट्रांजेक्शन डिटेल्स, कंप्यूटर और लैपटॉप जैसे दस्तावेज भी बरामद किए हैं।
डीसीपी राम बदन सिंह के अनुसार, आरोपी की पहचान पूरन कुमार टिमोथी के रूप में की गई है। पूरन ने नोएडा के सेक्टर-57 में “क्रिश्चियन ग्लोबल नेट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड” नामक कंपनी खोली थी और इसका मैनेजिंग डायरेक्टर था। वह कनाडा में नौकरी दिलाने का झांसा देकर पीड़ितों से बड़ी रकम ऐंठता था। आरोपी ने एक पीड़ित की बेटी को कनाडा में नौकरी दिलाने का वादा किया और बदले में 2.5 लाख रुपये ले लिए, लेकिन न तो नौकरी दिलाई और न ही रकम वापस की।
सोशल मीडिया पर झांसा देने का तरीका
डीसीपी ने बताया कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे फेसबुक और इंस्टाग्राम पर विज्ञापन डालकर कनाडा में नौकरी के अवसर का प्रचार करता था। लोग इन विज्ञापनों के झांसे में आ जाते थे और उसके संपर्क में आते थे। इसके बाद आरोपी फर्जी ऑफर लेटर बनाकर उन्हें भेजता और पासपोर्ट, वीजा व अन्य दस्तावेजों के नाम पर उनसे लाखों रुपये वसूलता था। आरोपी हर दो से तीन महीने में अपने स्टाफ को भी बदल देता था, ताकि उस पर किसी को शक न हो।
ये भी पढें..
ट्रैवल्स कंपनी की आड़ में फर्जीवाड़ा
आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया कि वह अपने एक सहयोगी के साथ मिलकर इस कंपनी को चला रहा था। वह “क्रिश्चियन ग्लोबल नेट सर्विस प्राइवेट लिमिटेड” की आड़ में “वरीना ट्रैवल्स” नाम से फर्जी कंपनी का संचालन करता था। इसी के जरिए वह लोगों से विदेश भेजने के नाम पर ठगी करता था और वीजा व पासपोर्ट बनवाने के लिए उनसे पैसे ऐंठता था।

