नोएडा 203 वर्ग किमी में बसा हुआ है। सीएजी की रिपोर्ट के अनुसार इसके करीब 45 लाख वर्गमीटर जमीन पर अवैध कब्जा है। प्राधिकरण अब लैंड ऑडिट कराएगा। इसमें इसरो की मदद ली जाएगी। इसरो से मास्टर प्लान 2031 की सेटलाइट इमेज ली जाएगी। जिससे ये देखा जाएगा कि मास्टर प्लान-2031 के अनुसार किस-किस अधिसूचित जमीन पर योजनाओं का निर्माण होना है और वहां अवैध कब्जा है। वास्तविक स्थिति के लिए ड्रोन सर्वे कराया जाएगा। इस पूरे कार्य के लिए एक सलाहकार कंपनी का चयन किया जाएगा। जिससे अनुबंध किया जाएगा। ये कंपनी ही प्राधिकरणर का लैंड ऑडिट करेगी। प्राधिकरण सीईओ लोकेश एम ने बताया कि लैंड ऑडिट से लैंड बैंक और अवैध निर्माण की पूरी जानकारी मिलेगी। इसकी रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
सीएजी की रिपोर्ट में जिस जमीन पर अवैध कब्जा है इसकी कीमत करीब 16 हजार करोड़ रुपए ज्यादा है। इसमें औद्योगिक, कामर्शियल , आवासीय, संस्थागत की जमीन है। जिसमें इस समय निवेश किया जा रहा है। बता दें प्राधिकरण ने इस बार जीबीसी में करीब 85 हजार करोड़ का ग्राउंड तैयार किया है। ऐसे में जरुरी है कि समय से इन निवेशकों को जमीन आवंटित हो और ये अपना प्लांट यहां लगा सके। इससे रोजगार भी बढ़ेगा। बहरहाल प्राधिकरण जल्द ही इसरो से सेटलाइट इमेज मांगेगा इसके लिए पत्र जारी किया जाएगा। इससे पहले भी मास्टर प्लान बनाने के लिए सेटलाइट इमेज की आवश्यकता पड़ती रही है।
नक्शों के विपरीत बनाया तो इंफोर्समेंट सेल रोकेगी
इसके अलावा नोएडा में नक्शों के विपरीत निर्माण कार्य किया गया तो इसकी रोकने की जिम्मेदारी इंफोर्समेंट सेल की होगी। इस सेल में 20 जूनियर इंजीनियरों होंगे। इनकी नियुक्ति आउटसोर्सिंग से की जाएगी। प्राधिकरण की बोर्ड ने इसे पहले ही अप्रूव कर दिया है। जिनका काम सिर्फ ये देखना होगा कि नोएडा में स्वीकृत नक्शे के अनुसार निर्माण हो रहा है या नहीं। इनकी डियूटी होगी कि वे साइट पर जाए और निरीक्षण करे। इस कदम का उद्देश्य स्वीकृत योजनाओं का उल्लंघन करके निवासियों और डेवलपर्स द्वारा किए गए अवैध निर्माण पर अंकुश लगाना है।
सीएजी की रिपोर्ट
सर्किल अवैध कब्जा (वर्गमीटर) रुपए
वर्क सर्किल-1 97,500 3529500000
वर्क सर्किल-2 71,808 2599449600
वर्क सर्किल-3 2,27,849 8248133800
वर्क सर्किल-4 43,950 1590990000
वर्क सर्किल-5 3,29,821 11939520200
वर्क सर्किल-6 3,46,466 12542069200
वर्क सर्किल-7 95,840 3469408000
वर्क सर्किल-8 4,61,169 166944317800
वर्क सर्किल-9 10,47,901 37934016200
वर्क सर्किल-10 18,04,160 65310592000
मास्टर प्लान 2031 के अनुसार क्या है लैंड यूज
आवासीय 5722 हेक्टेयर
औद्योगिक 2807 हेक्टेयर
यातायात 1942 हेक्टेयर
मनोरंजन / ग्रीनरी 2433 हेक्टेयर
अन्य 2376 हेक्टेयर
इन गांवों में हुए अवैध कब्जे
सरकारी जमीन पर , सर्फाबाद गढ़ी चौखंडी, छिजारसी, ममूरा, बरौला, भंगेल, सलारपुर, चौड़ा, गिझौड़, हरौला, नयाबांस, बख्तावरपुर, नंगली-वाजितपुर आदि गांवों में बड़ी संख्या में कब्जे हो रहे हैं। इसके अलावा 4 से 5 हजार हेक्टेयर में यमुना व हिंडन के डूब क्षेत्र की जमीन पर कब्जा है। तेजी से यहां कॉलोनियां काटी जा रही हैं। हिंडन नदी में छिजारसी से लेकर ग्रेटर नोएडा के सफीपुर तक डूब क्षेत्र की करीब 90% तक जमीन पर कब्जा हो चुका है।

