Noida: नोएडा के सेक्टर-94 स्थित पोस्टमार्टम हाउस में हाल ही में एक अश्लील वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए मंगलवार की सुबह से पोस्टमार्टम हाउस में सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम शुरू कर दिया है। यह कैमरे आने वाले सभी लोगों पर निगरानी रखने के लिए लगाए जा रहे हैं, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
अभी तक चार लोग गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए अब तक चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में देह व्यापार करने वाली एक महिला और पोस्टमार्टम हाउस के सफाईकर्मी शामिल हैं। डिप्टी सीएमओ डॉ. आरपी सिंह की शिकायत पर पुलिस ने संविदा सफाईकर्मी शेर सिंह, वीडियो बनाने वाले परवेंद्र और प्राइवेट एंबुलेंस चालक भानू को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद महिला को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। संविदा कर्मी शेर सिंह की सेवाएं विभाग ने समाप्त कर दी हैं।
क्या है पूरा मामला?
कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें एक महिला और पुरुष पोस्टमार्टम हाउस में आपत्तिजनक हालत में दिख रहे थे। वीडियो में एक अन्य व्यक्ति इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना रहा था। इस घटना के बाद पूरे देश में चर्चा हुई और सोशल मीडिया पर इस वीडियो को करीब एक हजार से ज्यादा लोगों ने शेयर किया।
ये भी पढ़ें..
प्रशासन का सख्त रुख
इस घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय लिया है, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके और पोस्टमार्टम हाउस की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। नोएडा पुलिस का कहना है कि इस तरह की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

