Noida: नोएडा के सेक्टर-9 स्थित जेजे कॉलोनी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 23 वर्षीय युवक ने आर्थिक तंगी और प्रताड़ना से तंग आकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। युवक का शव पंखे से लटका हुआ देख परिजनों के होश उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना फेस-1 पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्या है पूरा मामला?
मृतक की पहचान दीपक शाह के रूप में हुई है, जो सेक्टर-9 की जेजे कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रहता था। मृतक के भाई दिनेश शाह ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि दीपक ने सतीश मकवाना और उनके बेटे रितिक से ब्याज पर पैसे उधार लिए थे। परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने दीपक से अत्यधिक ब्याज के रूप में एक लाख रुपये वसूल किए। इसके बावजूद, आरोपी लगातार पैसे की मांग कर रहे थे।
परिजनों ने बताया कि जब दीपक ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया। इस घटना से दीपक मानसिक रूप से परेशान हो गया और उसने पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
ये भी पढें..
पुलिस ने दर्ज किया केस, जल्द होगी गिरफ्तारी
मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी सतीश मकवाना और उनके बेटे रितिक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

