Noida: नोएडा के एक नामी होटल में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. आग इतनी भीषण थी कि उसकी लपटें और धुआं पूरे इलाके में फैलने लगा. कुछ ही देर में आग बेकाबू हो गई। होटल में ठहरे कई मेहमान जान बचाने के लिए बाहर भागे। हालाँकि, एक जोड़ा अपने कमरे में ही फंसा रह गया। दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। बताया गया है कि इस जोड़े की अगले महीने शादी होने वाली थी, लेकिन आग से झुलसने के कारण युवती की मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल है।
क्या है पूरी घटना?
सीएफओ प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि शनिवार शाम उन्हें सेक्टर 104 स्थित मून होटल एंड बैंक्वेट हॉल की चौथी मंजिल पर आग लगने की सूचना मिली। मौके पर दमकल की दस गाड़ियां भेजी गईं। चौथी मंजिल पर एक युवक-युवती के फंसे होने की पुष्टि हुई। अग्निशमन विभाग की एक टीम ने उन्हें बचाने के लिए पूरी लगन से काम किया, जबकि दूसरी टीम ने आग पर काबू पाने पर ध्यान केंद्रित किया। सिर्फ एक दमकल गाड़ी से आग पर काबू पाया गया और बाकी नौ गाड़ियों को वापस भेज दिया गया. धुएं के कारण फंसे दंपत्ति को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। उन्हें तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
ये भी पढ़ें..
शादी अगले महीने तय थी
जानकारी के मुताबिक, घटना में घायल हुए तरूण कुमार पेशे से इंजीनियर हैं, जबकि मृतक 27 वर्षीय पलक फिजियोथेरेपिस्ट थीं. बताया गया है कि तरूण पलक के मंगेतर थे। इस जोड़े की अगले महीने शादी होने वाली थी, लेकिन शादी से पहले ही यह दुखद घटना घट गई। घटना की जानकारी के बाद परिवार गहरे सदमे में है। तरुण का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.

