Noida: नोएडा के थाना फेज-1 क्षेत्र में बुधवार सुबह एक हृदयविदारक घटना हुई। सेक्टर-8 में साइकिल सवार 12 वर्षीय बच्चा ट्रक के पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घायल बच्चे को पहले जिला अस्पताल और फिर दिल्ली एम्स ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौके से ट्रक को कब्जे में लिया है।
जेजे कॉलोनी में रहता था मृतक जीतू
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान जीतू उर्फ कैलाश के रूप में हुई है, जो सेक्टर-8 स्थित जेजे कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रहता था। बुधवार सुबह जीतू साइकिल से पास के पार्क की ओर जा रहा था। उसी समय स्क्रैप से भरा एक ट्रक बैक हो रहा था और अनजाने में जीतू ट्रक के पहिए के नीचे आ गया। घटना के तुरंत बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने घायल बच्चे को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे दिल्ली एम्स रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद जीतू को बचाया नहीं जा सका।
चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को जब्त कर लिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है। ट्रक नंबर के आधार पर आरोपी चालक की पहचान की जा रही है। मृतक के परिजनों की शिकायत पर अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
ये भी पढें..
Noida: विद्युत निगम की ओटीएस योजना का पहला चरण सफल, दूसरे चरण की हुई शुरुआत
शोक में डूबा परिवार
12 वर्षीय जीतू की मौत से परिवार और पड़ोसियों में शोक का माहौल है। मासूम की मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी को पकड़ने का आश्वासन दिया है।

