रिपोर्ट: निशांत शर्मा
नोएडा में सबसे अधिक व्यस्त सड़क पर करीब 80 टन लोहे का छल्ला बीचों-बीच गिर गया है। सुबह अपने दफ्तरों के लिए निकले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। यातायात पुलिस ने सड़क पर लोहे का छल्ला गिरने के बाद रोड को डाइवर्ट कर दिया है। पुलिस और ट्रैफिक पुलिस के जवान सुबह से छल्ला को हटाने की कोशिश में लगे हुए हैं।
सेक्टर 59 अंडरपास के पास बड़ा हादसा होने से टला
ट्रैफिक पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक, गाजियाबाद के एक प्लांट से ट्रक पर लादकर लोहे का छल्ला मध्य प्रदेश के लिए जा रहा था। इस दौरान गाजियाबाद से नोएडा की तरफ आने सेक्टर 59 अंडरपास पर मेट्रो के पिलर से छल्ला टकरा गया और सड़क पर पलट गया। इसके कारण सुबह से जाम की स्थिति बनी है। ट्रैफिक पुलिस के जवान जाम की व्यवस्था को दूरस्त करने में लगे हुए है।
मामूरा मार्ग का इस्तेमाल न करने की सलाह
लोहे का छल्ला भारी भरकम है। इसका वजन करीब 80 टन है। सुबह से नोएडा पुलिस और यातायात पुलिस मौके पर मौजूद है। 100 टन की मशीन को बुलाकर लोहे के छल्ला को हटाने में लगी हुई है लेकिन मशीन की ग्रिप लोहे के छाले को पकड़ नहीं पा रही है। इस वजह से काफी परेशानी हो रही है। 10 घंटे बित जाने के बाद भी सड़क की स्थिति जस के टस है। जब तक सड़क से लोहे का छल्ला हटाया नहीं जाता ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को मामूरा मार्ग का इस्तेमाल न करने की सलाह दी है।

