NDA Govt: राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) संसदीय दल का नेता चुने जाने के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नरेंद्र मोदी को सरकार बनाने का न्योता दिया। इसके बाद पीएम मोदी ने राष्ट्रपति भवन के बाहर मीडिया को संबोधित किया और नई सरकार का रोडमैप साझा किया। उन्होंने कहा कि 2024 का लोकसभा चुनाव अमृत काल का पहला चुनाव है। मोदी ने कहा कि 2047 तक जब देश आजादी की 100वीं वर्षगांठ मनाएगा, तब हमारे पास अपने संकल्पों को पूरा करने का सुनहरा अवसर है।
लोगों का जताया आभार
उन्होंने एनडीए को एक बार फिर सेवा का मौका देने के लिए लोगों का आभार जताया। उन्होंने आगे कहा कि समाज के हर क्षेत्र में देश की तेज प्रगति स्पष्ट है। 25 करोड़ लोगों का गरीबी से बाहर आना हर भारतीय के लिए गर्व की बात है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि 18वीं लोकसभा भी देश की आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए उसी गति और समर्पण के साथ काम करेगी।
9 जून की शाम को होगा शपथ ग्रहण समारोह
निवर्तमान प्रधानमंत्री ने कहा कि एनडीए की बैठक में सभी घटक दलों ने उन्हें नेता चुना। सभी दलों ने राष्ट्रपति को अपने समर्थन की जानकारी दी। राष्ट्रपति ने उन्हें आमंत्रित किया और कार्यवाहक प्रधानमंत्री के रूप में उनकी नियुक्ति को मंजूरी दी। मोदी ने बताया कि उन्होंने 9 जून की शाम को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की सूचना दे दी है। शपथ ग्रहण समारोह का विस्तृत कार्यक्रम राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी किया जाएगा।

