NCR Pollution: दिल्ली एनसीआर में वायु प्रदूषण का संकट लगातार गहराता जा रहा है। दिवाली से एक दिन पहले ही दिल्ली की वायु गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में पहुंच चुकी है, जिससे लोगों को श्वास संबंधी समस्याओं सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, बुधवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 307 दर्ज किया गया। यह स्तर स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक माना जाता है। पिछले दो वर्षों की तुलना में, इस वर्ष दिवाली से पहले वायु गुणवत्ता में अधिक गिरावट देखी गई है। वर्ष 2023 में दिवाली से पहले AQI का स्तर 220 था, जबकि 2022 में यह 259 और 2021 में 314 के अंक पर था। यह लगातार बिगड़ती स्थिति इस ओर संकेत कर रही है कि दिवाली के समय प्रदूषण का स्तर और अधिक बढ़ सकता है।
दिवाली के दौरान AQI के 400 के पार जाने की संभावना
दिल्ली में वायु प्रदूषण का मुख्य कारण दिवाली पर पटाखे जलाना और आस-पास के राज्यों में पराली जलाने की घटनाएं हैं। दिवाली के दौरान हर साल बड़ी संख्या में पटाखे चलाए जाते हैं, जिससे वायु प्रदूषण अचानक बढ़ जाता है। इस वर्ष दिवाली 31 अक्टूबर को मनाई जा रही है, जिससे पटाखे जलाने की गतिविधियां चरम पर होंगी। इसके अलावा हरियाणा और पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में भी वृद्धि हो रही है, जो दिल्ली की वायु गुणवत्ता पर प्रतिकूल असर डाल रही है। प्रदूषण के इस स्तर के बढ़ने से AQI का स्तर 400 के पार जाकर गंभीर श्रेणी में पहुंचने की आशंका है, जो स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न कर सकता है।
ये भी पढें..
Faridabad: पटाखे के धमाके में छात्र की मौत, बल्लभगढ़ के मंदावली गांव में दर्दनाक हादसा
हवा की गति में वृद्धि से मिल सकती है कुछ राहत
हालांकि प्रदूषण की स्थिति बेहद चिंताजनक है, लेकिन मौसम से कुछ हद तक राहत मिलने की संभावना है। वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के अनुसार, दिवाली के दिन यानी 31 अक्टूबर को हवा की गति 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक बढ़ने की उम्मीद है। इसके अलावा 1 नवंबर को भी हवा की गति 16 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार, तेज हवा प्रदूषक कणों को बिखेरने में सहायक साबित हो सकती है, जिससे कुछ हद तक वायु गुणवत्ता में सुधार हो सकता है।
दिल्ली के कई क्षेत्रों में AQI गंभीर स्तर पर
दिल्ली के कुछ क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता पहले ही गंभीर स्तर पर पहुंच चुकी है। बुधवार को आनंद विहार में AQI 409, मुंडका में 401, वजीरपुर में 386, जहांगीरपुरी में 368 और अशोक विहार में 351 दर्ज किया गया। इन स्तरों पर वायु प्रदूषण लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल सकता है। विशेषज्ञों ने दिल्लीवासियों को इस दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है और बाहर निकलने पर मास्क पहनने की हिदायत दी है।

