National News: जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार करने पहुंचे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अचानक तबीयत खराब हो गई। उस समय खड़गे मंच से एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। तबीयत में थोड़ा सुधार होने के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा, “हम राज्य का दर्जा बहाल करने के लिए लड़ेंगे। मैं 83 साल का हूं और मैं इतनी जल्दी मरने वाला नहीं हूं। मैं तब तक जिंदा रहूंगा जब तक प्रधानमंत्री मोदी सत्ता से बाहर नहीं हो जाते।”
प्रधानमंत्री नकली आंसू बहा रहे हैं: मल्लिकार्जुन खड़गे
कांग्रेस अध्यक्ष जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के जसरोटा में भाषण दे रहे थे। मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “पिछले 10 सालों में पीएम मोदी ने भारत के युवाओं को कुछ नहीं दिया। क्या आप ऐसे व्यक्ति पर भरोसा कर सकते हैं जो 10 सालों में आपकी समृद्धि वापस नहीं ला सकता? अगर कोई बीजेपी नेता आपके सामने आए तो उससे पूछिए कि उन्होंने समृद्धि लाई या नहीं।”
बीजेपी और पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए खड़गे ने कहा कि प्रधानमंत्री यहां आते हैं और युवाओं के भविष्य के लिए नकली आंसू बहाते हैं। सच्चाई यह है कि पिछले 10 सालों में इन लोगों ने पूरे देश के युवाओं को अंधकार में धकेल दिया है। इसके लिए पीएम मोदी खुद जिम्मेदार हैं।

