Mukhtar Ansari Death: उत्तर प्रदेश के माफिया डॉन मुख्तार अंसारी का बांदा मेडिकल कॉलेज में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया है। उसके निधन के बाद, उनके परिवार के साथ-साथ विभिन्न विपक्षी दलों ने भी सवाल उठाए हैं, जिसके बाद मामले की गहन जांच के लिए न्यायिक आदेश दिए गए हैं। कोर्ट के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट भगवान दास गुप्ता ने मुख्तार अंसारी की मौत की न्यायिक जांच के निर्देश जारी कर दिए हैं. जांच की जिम्मेदारी उप मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट गरिमा सिंह को सौंपी गयी है. प्रशासन को अंसारी के इलाज से लेकर सभी जानकारी तीन दिन के भीतर उपलब्ध कराने और अंतिम जांच रिपोर्ट एक महीने के भीतर देने का निर्देश दिया गया है।
परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
मुख्तार अंसारी की मौत को लेकर उनके परिवार ने गंभीर आरोप लगाए हैं. परिजनों ने जेल प्रशासन पर धीमा जहर देने का आरोप लगाया है. इसी तरह के आरोप खुद अंसारी ने भी अदालत में पेशी के दौरान लगाए थे। मुख्तार अंसारी के बड़े भाई सिबगतुल्लाह अंसारी ने कहा कि प्रशासन ने उन्हें उनके भाई की मौत की जानकारी नहीं दी. मुख्तार 18 मार्च से बहुत बीमार थे और उन्हें इलाज नहीं मिल रहा था। 25-26 मार्च की रात उनकी हालत काफी बिगड़ गई तो औपचारिकता के तौर पर उन्हें कुछ घंटों के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया. फिर उन्हें यह कहकर वापस भेज दिया गया कि उनकी हालत स्थिर है। उसका कोई इलाज नहीं किया गया.
अंसारी के वकील ने हत्या का दावा किया
वहीं, मुख्तार अंसारी के वकील रणधीर सिंह सुमन ने कहा कि उनकी मौत प्राकृतिक नहीं, बल्कि हत्या है पूर्व विधायक और माफिया मुख्तार अंसारी ने दो दिन पहले ही आरोप लगाया था कि बांदा जेल में उन्हें जहर दिया जा रहा है, जिससे उनकी मौत हो सकती है. साथ ही मुख्तार अंसारी ने अपनी जान को खतरा बताते हुए जेल में अतिरिक्त सुरक्षा की भी मांग की थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया था.

