मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरामथांगा ने मणिपुर में जारी हिंसा को लेकर अपने ट्विटर हैंडल पर एक लंबा भावनात्मक पोस्ट किया है। उन्होंने लिखा, ‘यह कब रुकेगा। उन्होंने मानवीय आधार पर केन्द्र सरकार से मदद भी मांगी है।
मणिपुर में 62 दिन से चली सांप्रदायिक हिंसा के मद्देनजर, मुख्यमंत्री जोरामथांगा ने मंगलवार को अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर अपनी एक श्वेत-श्याम तस्वीर के साथ एक भावनात्मक दो-पंक्ति का कैप्शन लिखा। जोरामथांगा ने लिखा, ‘यह कब रुकेगा। इसके बाद मुख्यमंत्री ने एक लंबा भावुक भाषण पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, ‘मणिपुर में 3 मई से शुरू हुई हिंसा में अब तक 120 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और तीन हजार से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।’ उन्होंने लिखा, ‘हालांकि हमारे बीच काफी सद्भावना, अपेक्षाएं और आशा है, स्थिति जल्द ही सुधर जाएगी, लेकिन हालात धीरे-धीरे खराब नजर आ रहे हैं। यह सब कब रुकेगा?उन्होंने आगे लिखा मेरे मणिपुरी भाइयों के प्रति मेरी संवेदनाएं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके घर और परिवार नष्ट हो गए हैं, उनके लिए भगवान से मेरी निरंतर प्रार्थना है। दयालु ईश्वर आपको शक्ति और बुद्धि प्रदान करें।’
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट के अंत में लिखा कि, ‘मणिपुर में क्रूर हिंसा के परिणामस्वरूप लगभग 12 हजार विस्थापित लोगों ने मिजोरम में शरण ली है। इस बीच, मणिपुर, म्यांमार और बांग्लादेश (रोहिंग्या) के 50 हजार से अधिक शरणार्थी या आईडीपी मिजोरम के निवासी हैं। इसलिए मैं चाहता हूं और प्रार्थना करता हूं कि केंद्र सरकार मानवीय आधार पर तुरंत हमारी मदद करे।’

