गाजियाबाद शालीमार गार्डन और उसके आसपास चोरी की घटनाओं में बढ़ोत्तरी और नशेड़ियों के अड्डे को लेकर स्थानीय रेजिडेंट्स और पुलिस के बीच बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा भी शामिल हुए। बैठक का आयोजन शालीमार गार्डन व्यापारी वेलफेयर एसोसिएशन ने किया था। बैठक में व्यापारियों के अलावा आरडब्ल्यूए सदस्य भी शामिल हुए। पुलिस विभाग की ओर से एसीपी सूर्यवंशी, एसएचओ रवि शंकर पांडेय शामिल हुए।
पिछले कुछ समय से शालीमार गार्डन में चोरी की घटनाओं में आई है बढ़ोत्तरी
इस बैठक में व्यापारियों और रेजिडेंट्स ने एसीपी के सामने अपनी समस्याएं रखीं। व्यापारियों ने बताया कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ रही है। पिछले दिनों एक डॉक्टर के घर में लाखों की चोरी हुई। ऐसे में पुलिस गश्त बढ़ानी होगी।
रेजिडेंट्स ने बुध बाजार को लेकर भी आपत्ति जताई। उन्होंने बुध बाजार को एक साइड में लगाने की मांग की। थाने जाने पर पुलिस शिकायत नहीं सुनती है। साथ ही, सीमापुरी डिपो से अंदर आने पर जाम खुलवाया जाए।
शालीमार गार्डन व्यापारी एसोसिएशन अध्यक्ष ने कहीं ये बातें
शालीमार गार्डन व्यापारी एसोसिएशन अध्यक्ष केशव सक्सेना ने कहा कि सुबह शाम पार्कों में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए। गुरुद्वारा रोड पर सब्जी वाले हटाये जाएं। 80 फूटा नाले के नशेड़ियों पर कार्यवाही की जाए।
भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने कहा कि पुलिस और स्थानीय व्यापारी और लोगों के बीच भरोसे को और मजबूत करने के लिए इस तरह की बैठक आवश्यक है।
एसपी सूर्यवंशी ने लोगों को ये सावधानी बरतने को कही
एसीपी सूर्यवंशी ने कहा कि अगर कोई असामाजिक तत्व किसी व्यापारी व आम नागरिक को परेशान करता है, तो पीड़ित सीधे थाने में जाकर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। अगर कोई संदिग्ध दिखता है तो वो पहले पुलिस को फोन करे सीधा उस से न उलझें ।
एसएचओ रवि पांडे जी ने कहा कि लोगों को अपने मामूली आपसी झगड़ों को मिल बैठकर सुलझा लेना चाहिए जिससे कि समाज में शांति व्यवस्था कायम रह सके। यही छोटे छोटे झगड़े यदि एक बार थाने तक पहुँच जाते हैं तो फिर मामला बढ़ जाता है।
महानगर महामंत्री पप्पू पहलवान ने कहा कि जो भी व्यापारी या निवासी शिकायत ले कर थाने जाए उस का पूरा मान सम्मान किया जाए और उसकी रिपोर्ट लिखी जाए।

