संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के अध्यक्ष मनोज सोनी ने निजी कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया है। 16 मई, 2023 को पदभार ग्रहण करने वाले सोनी के 15 मई, 2029 तक पद पर बने रहने की उम्मीद थी। हालांकि समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट की माने तो, लगभग दो सप्ताह पहले दिया गया उनका इस्तीफ़ा अभी तक उच्च अधिकारियों द्वारा स्वीकार नहीं किया गया है।
कौन हैं मनोज सोनी ?
मनोज सोनी ने 16 मई, 2023 को यूपीएससी चेयरमैन का पद संभाला था, उनका कार्यकाल मूल रूप से 15 मई, 2029 को समाप्त होना था। रिपोर्टों के अनुसार, वे गुजरात में स्वामीनारायण संप्रदाय की एक शाखा, अनूपम मिशन को अधिक समय देना चाहते हैं। सोनी 2020 में दीक्षा प्राप्त करने के बाद मिशन में साधु बन गए। मीडिया सूत्रों की रिपोर्ट के अनुसार सोनी के इस्तीफे का निर्णय UPSC से जुड़े हाल के विवादों से संबंधित नहीं है और न ही यह प्रोबेशनरी आईएएस अधिकारी पूजा खेडकर के मामले से जुड़ा है, जो कथित तौर पर पद हासिल करने के लिए दस्तावेजों में जालसाजी करने के आरोप में जांच के घेरे में हैं।
सबसे कम उम्र के कुलपति बने मनोज सोनी
सोनी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनके करीबी संबंधों के लिए जाना जाता है। उन्हें 2005 में वडोदरा के एमएस विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया गया था। 40 साल की उम्र में, वे देश के सबसे कम उम्र के कुलपति बने। जून 2017 में यूपीएससी में शामिल होने से पहले, सोनी ने गुजरात के दो विश्वविद्यालयों में कुलपति के रूप में तीन कार्यकाल पूरे किए। वे 2015 तक दो कार्यकालों के लिए डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर ओपन यूनिवर्सिटी (BAOU) के कुलपति थे। अंतरराष्ट्रीय संबंधों में विशेषज्ञता के साथ राजनीति विज्ञान के विद्वान सोनी ने 1991 से 2016 के बीच सरदार पटेल विश्वविद्यालय (SPU), वल्लभ विद्यानगर में अंतरराष्ट्रीय संबंध पढ़ाया, सिवाय उस अवधि के जब उन्होंने दोनों विश्वविद्यालयों के कुलपति के रूप में कार्य किया।

