आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया एक बार फिर मुश्किलों में घिरने वाले है। नेताओं-अफसरों की जासूसी करवाने के मामले में सिसोदिया पर शिकंजा कस सकता हैं। दरअसल, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बुधवार को केजरीवाल सरकार की फीडबैक यूनिट के जरिए जासूसी कराने के आरोपों पर सिसोदिया के खिलाफ केस दर्ज कर सीबीआई जांच की मंजूरी दे दी है।
गौरतलब है कि भाजपा ने सिसोदिया पर आरोप लगाया था कि उन्होंने दिल्ली सरकार की ‘फीडबैक यूनिट’ के जरिए केंद्र सरकार के मंत्रालयों, विपक्षी दलों, विभिन्न संस्थाओं और लोगों की जासूसी कराई है। बता दें कि आम आदमी पार्टी ने साल 2015 में दिल्ली में सरकार बनाने के बाद फीडबैक यूनिट का गठन किया था। विजिलेंस विभाग के मंत्री होने के नाते सिसोदिया पर ये आरोप लगाए गए हैं। सीबीआई ने जांच में आरोपों को सही पाया है। अब सीबीआई सिसोदिया के खिलाफ केस दर्ज करेगी।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना केंद्र सरकार से इस मामले की जांच सीबीआई से कराने की अनुशंसा पहले ही कर चुके हैं। इसके बाद सीबीआई ने सिसोदिया पर मुकदमा दर्ज करने के लिए केंद्र सरकार से अनमुति मांगी थी। गृह मंत्रालय की ओर से 17 फरवरी की तारीख से जारी चिट्ठी में सिसोदिया के खिलाफ कार्रवाई की अनुमति दी गई है।

