मुंबई के चेंबूर में बीती रात एक म्यूजिक इवेंट के दौरान बॉलीवुड के मशहुर गायक सोनू निगम और उनके साथियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। इस घटना के बाद सोनू निगम ने पुलिस से शिकायत की है और चेंबूर थाने में मामला दर्ज कराया है।
बता दें कि सिंगर सोनू निगम बीती रात मुंबई के चेंबूर में एक कार्यक्रम में परफॉर्म कर रहे थे, तभी ठाकरे गुट के एक विधायक के बेटे ने उनके कार्यक्रम में धक्का-मुक्की की। उसने सोनू निगम को धक्का दे दिया। निगम के साथी कलाकारों को भी पीटा।
पुलिस के मुताबिक चेंबूर में उत्सव का आयोजन सोमवार शाम को ठाकरे गुट के विधायक प्रकाश फटेरपेकर ने किया था। इस इवेंट में सोनू निगम की लाइव परफॉर्मेंस का आयोजन किया गया था। इस दौरान जब सोनू निगम गाना गाकर स्टेज से नीचे उतर रहे थे तो वहां मौजूद लोगों में सोनू निगम के साथ सेल्फी लेने की होड़ लग गई। इसमें सोनू निगम से ठाकरे गुट के विधायक प्रकाश फटेरपेकर के बेटे स्वप्निल फटेरपेकर की धक्का-मुक्की हो गई।
इस दौरान सोनू निगम मंच की सीढ़ियों से नीचे गिर पड़े। उनके बॉडीगार्ड और टीम के कुछ कलाकारों के साथ मारपीट भी की गई। इस घटना के बाद सोनू निगम को पास के जैन अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल सोनू निगम सुरक्षित हैं।
स्वप्निल फटरपेकर सोनू निगम को तस्वीरें लेने के लिए मजबूर कर रहे थे। मना करने पर उसने हमला कर दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया वायरल हो रहा है।

