बसपा विधायक राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल और उसके दो सरकारी गनर की हत्या के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस हत्यारों को खोजने के लिए रात दिन एक कर दी है। प्रशासन लगातार माफिया अतीक के गुर्गे और साथियों पर दबिश दे रही है। उत्तर प्रदेश सरकार और प्रशासन आरोपियों को ढूंढने और पकड़ने के लिए सख्त कार्रवाई कर रही है। माफिया अतीक को मदद पहुँचाने वालों के घरों को जमींदोज कर दिया गया है। बता दें कि उमेश पाल हत्याकांड उत्तरप्रदेश के प्रयागराज के बहुचर्चित हत्याकांड है।
अब इसी मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस ने एक और बदमाश को पकड़ा है। यह अतीक अहमद का दाहिना हाथ बताया जा रहा है। पुलिस ने जिस शख्स को पकड़ा है वह माफिया अतीक के गिरोह का सक्रीय सदस्य है। इसका नाम सुधांशु त्रिपाठी उर्फ़ बल्ली पंडित है। एसटीएफ और क्राइम ब्रांच की टीम ने उसे करबला स्थित एक माकन से उठाया है। बल्ली पंडित पर जमीन कब्जाने का कई आरोप है। पुलिस ने जिस माकन से उसे गिरफ्तार की है वह जमीन भी उसने कब्ज़ा किया हुआ है।
शाइस्ता परवीन के साथ वायरल हुआ वीडियो
गौरतलब है कि सुधांशु त्रिपाठी उर्फ बल्ली पंडित का एक वीडियो माफिया अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन के साथ वायरल हुआ था। यह वीडियो उमेश पाल की हत्या से पांच दिन पहले का बताया जा रहा है। इस वीडियो में बल्ली पंडित शाइस्ता के साथ नजर आ रहा है। जांच में शाइस्ता के साथ उमेश पाल पर गोली चलाने वाला ढाई लाख का फरार शूटर साबिर भी नजर आ रहा था। बता दें कि उमेश पाल की हत्या के 17 दिन बीत जाने के बाद भी इस वारदात को अंजाम देने वाले शूटरों तक पुलिस पहुंच नहीं पाई है। इंटरनेट पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई है।
बता दें कि पुलिस लगातार माफिया अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन की भी तलाश में जुटी हुई है। उत्तरप्रदेश के प्रयागराज पुलिस ने रविवार को शाइस्ता परवीन पर 25 हजार का ईनाम भी घोषित कर दिया है। माफिया अतीक की पत्नी शाइस्ता उमेश पाल हत्याकांड में नामजद आरोपी है। पुलिस लगातार शाइस्ता की तलाश में छापेमारी कर रही है।

