Loksabha Election 2024: उत्तर प्रदेश में प्रथम चरण की आठ लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान प्रक्रिया शुक्रवार को शुरू हो गई है। सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, नगीना (अ0जा0), मुरादाबाद, रामपुर तथा पीलीभीत में मतदान चल रहा है। यह मतदान शाम को छह बजे तक चलेगा। कई जगहों पर मतदान के लिए लंबी लाइनें लग गयी हैं, तो वहीं कई जगहों पर सुबह के चलते बूथ खाली भी देखने को मिले। कैराना से सबसे ज्यादा 14 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 17,22,432 मतदाता करेंगे।
8 सीटों पर 80 उम्मीदवार मैदान में
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव हेतु व्यापक इंतजाम एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराई गई है। आठ लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों से कुल 80 प्रत्याशी चुनाव मैदान में खड़े हैं। कुल मतदाताओं की संख्या 1,44,01,543 है, जिसमें पुरुष 76,54,658, महिला 67,46,136 तथा थर्ड जेन्डर 749 हैं। निर्वाचन क्षेत्र में 14,845 मतदेय स्थल हैं।
8 सीटों पर 7 महिला प्रत्याशी
प्रथम चरण में मतदाताओं की संख्या की दृष्टि से सबसे अधिक मतदाता मुरादाबाद तथा सबसे कम मतदाता नगीना (अ0जा0) लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में हैं। अस्सी उम्मीदवारों में सात महिला प्रत्याशी हैं। सबसे कम प्रत्याशी 05-नगीना (अ0जा0) एवं रामपुर लोक सभा निर्वाचन क्षेत्र में हैं, जहां 06-06 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। प्रथम चरण के चुनाव में कुल 14,845 मतदेय स्थल (पोलिंग बूथ) तथा 7,693 मतदान केन्द्र हैं। 3571 मतदेय स्थल क्रिटिकल हैं।

